सेना में महिला के 100 पद, मिले 2 लाख से ज्यादा आवेदन
नई दिल्ली
मिलिट्री पुलिस कोर में जवान के 100 पदों के लिए 2 लाख से ज्यादा महिलाओं ने आवेदन किए हैं। पहली बार सेना में अधिकारी रैंक से नीचे की रैंक पर महिलाओं की भर्ती हो रही है। अब तक सेना में महिलाओं की सिर्फ अधिकारी पद पर भर्ती की जा रही थी। उनको युद्धपोतों और पनडुब्बियों पर सेवा देने से बाहर रखा गया था। महिलाएं सेना की युद्धक शाखाओं जैसे पैदल सेना, बख्तरबंद कोर और तोपची सैनिक के पद पर अपनी सेवा नहीं दे सकती थीं।
एक अधिकारी ने बताया, ''महिलाओं को सिपाही (सामान्य ड्यूटी) के तौर पर मिलिट्री पुलिस कोर में भर्ती किया जाना एक क्रांतिकारी कदम है। 25 अप्रैल से मिलिट्री पुलिस कोर में 100 पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। भर्ती रैली का आयोजन इस महीने के अंत में बेलगाम में होना है।'
भारतीय थलसेना इसके साथ ही प्रादेशिक सेना में एक 'महिला प्रोवोस्ट यूनिट' के गठन की भी योजना बना रही है। ऐसा पहली बार होगा। इस यूनिट में दो अधिकारी, तीन जूनियर कमिशंड अधिकारी और करीब 40 सिपाही होंगे। अधिकारी ने बताया, 'अभी इसके लिए फाइनल मंजूरी नहीं मिली है लेकिन जल्द ही मिलने वाली है।'
सेना की योजना अफसर रैंक से नीचे के जवान पद पर कमोबेश 1,700 महिलाओं को भर्ती करने की है। यह भर्ती अगले 17 सालों में कई चरणों में होगी।