5-5 लाख रुपए के दो इनामी नक्सलियों को ढेर

दंतेवाड़ा
 छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा और बीजापुर में शनिवार सुबह मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) ने तीन नक्सलियों को मार गिराया। दंतेवाड़ा में जवानों ने मुठभेड़ में 5-5 लाख रुपए के दो इनामी नक्सलियों को ढेर किया। मौके से जवानों ने 12 बोर की राइफल और 9 एमएम की एक पिस्टल बरामद की है। बीजापुर में एक नक्सली मारा गया। दूसरी ओर दंतेवाड़ा में ही सुबह नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में जनअदालत लगाकर एक ग्रामीण की हत्या कर दी।
नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर पहुंची थी टीम

    दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने बताया कि किरंदुल क्षेत्र में कुटेरम के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद थाने से डिस्ट्रिक्ट रिजर्व ग्रुप (डीआरजी) की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। जंगलों में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। इसमें दो नक्सली मारे गए। नक्सलियों की शिनाख्त लच्छू मंडावी और पोदिया के रूप में हुई है। दोनों ही नक्सली संगठन मलांगीर एरिया कमेटी के सदस्य थे। उन पर 5-5 लाख रुपए का इनाम था।

    बीजापुर में मुठभेड़, शव और हथियार बरामद

    बीजापुर के आवापल्ली थाना क्षेत्र के पुन्नूर की पहाड़ियों में तड़के डीआरजी जवानों और पुलिस बल के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। एक नक्सली को मार गिराया गया। जवानों ने नक्सली का शव और 315 बोर की बंदूक बरामद की है। हालांकि अभी तक मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो सकी है। मुठभेड़ की पुष्टि एसपी दिव्यांग पटेल ने की है। जवानों के लौटने के बाद ही मुठभेड़ को लेकर ज्यादा जानकारी सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *