31.72 करोड़ की योजनाओं का तोहफा देंगी स्मृति ईरानी, 28 को आएंगी अमेठी  

 अमेठी                                                                                                                                  
केंद्रीय मंत्री व अमेठी सांसद स्मृति ईरानी आगामी 28 अगस्त को अपने एक दिवसीय दौरे पर अमेठी में रहेंगी। इस दौरान वे 31 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण करेंगी। वे यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। उनके कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
केंद्रीय मंत्री का इससे पहले 25 अगस्त को अमेठी दौरा तय हुआ था। लेकिन पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का अचानक निधन हो जाने से उनका कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।

स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि 28 अगस्त को वे हैलीकाप्टर द्वारा गौरीगंज के पहाड़पुर गांव के पास बने हेलीपैड पर उतरेंगी। यहां से सड़क मार्ग से साढ़े 11 बजे दरपीपुर गांव पहुंचेंगी। जहां वे नंद घर का लोकार्पण व निरीक्षण करेंगी। यहां से निकलकर वे दोपहर 12 बजे चौहनापुर गांव पहुंचेंगी। जहां जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज का भूमि पूजन एवं शिलान्यास करने के साथ ही 18 करोड़ 47 लाख 45 हजार की परियोजनाओं का लोकार्पण व 13 करोड़, 25 लाख, 30 हजार की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगी। वे मिशन कायाकल्प के तहत दुरुस्त किए गए प्राथमिक विद्यालयों व अमेठी ट्वीटर सेवा का भी लोकार्पण करेंगी। यहीं वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी।

 इन योजनाओं का होगा लोकार्पण
जिला मुख्यालय पर चार करोड़ 40 लाख की लागत से बने अग्निशमन केंद्र, एक करोड़ 27 लाख 95 हजार की लागत से सराय हृदयशाह गांव की ग्रामीण पेयजल योजना, 63 लाख की लागत से बनाए गए नौ आरोग्य केंद्र व 12 करोड़ 34 लाख की लागत से बने गौरीगंज बाईपास के काजीपटटी चौराहे से पूरे लाल दुर्गन भवानी होते हुए प्रतापगढ़ अठेहा मार्ग के मनीपुर चौराहे तक की सड़क का लोकार्पण करेंगी।

इनका होगा शिलान्यास
अमेठी के सरैया दुबान में  एक करोड़ बीस लाख से बनने वाले वृहद गोसंरक्षण केंद्र, चार करोड़, 93 लाख बीस हजार से होने वाले डा.बीआर अंबेडकर स्टेडियम में जीर्णोद्धार कार्यों , दो करोड़ आठ लाख दस हजार की लागत से गौरीगंज में जनपद पंचायत रिसोर्स सेंटर व पांच करोड़ चार लाख की लागत से बनने वाले 72 आरोग्य केंद्रों का स्मृति ईरानी शिलान्यास करेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *