30 लाख रुपये दहेज मांगने वाला डॉक्टर गिरफ्तार 

 पटना 
शादी के बाद पत्नी से 30 लाख रुपये दहेज मांगने वाले समस्तीपुर में पदस्थापित दंत चिकित्सक डॉक्टर आनंद कुमार को पुलिस ने शुक्रवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया। जेपी सेतु से होते हुए समस्तीपुर की ओर जा रहे डॉक्टर को फिल्मी स्टाइल में सुबह के वक्त पुलिस ने रोक लिया। 

इसके बाद जक्कनपुर थानेदार मुकेश कुमार वर्मा ने डॉक्टर को गाड़ी से उतारा और गिरफ्तार कर थाने ले आये। डॉक्टर की पत्नी ने नौ जून को ही पति आनंद, सास शीला नारायण, ननद आरती कुमारी, ननद के पति विनोद कुमार व भैंसुर आलोक कुमार के पर दहेज प्रताड़ना की एफआईआर करवायी थी। इसी साल बीते 25 फरवरी को प्रियंका और आंनद की शादी पटना में हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसकी शादी में ससुराल पक्ष के लोगों को 10 लाख नकद, महंगी गाड़ी और लाखों के आभूषण दिये थे। इसके बावजूद सभी 30 लाख रुपये और ब्रांडेड फर्नीचर की डिमांड करने लगे, नहीं देने पर प्रताड़ित किया जाने लगा। 

रिसेप्प्शन के दिन धमकी देने का आरोप 
28 फरवरी को एक बड़े होटल में प्रियंका का रिसेप्प्शन हुआ। आरोप है कि उसी दौरान उसके ससुराल पक्ष के लोग वहां आये और उसे अलग कमरे में ले गये। इसके बाद उसे और रुपये अपने माता-पिता से मंगाने को कहा। ससुराल पक्ष के लोगों ने बड़ी पार्टी देने का हवाला देते हुए कहा कि इस समारोह में बहुत पैसे लगे हैं। इस पर महिला ने बोलने की कोशिश की तो उसकी ननद मारपीट शुरू कर दी। 

लॉकडाउन में पैदल ही चली आयी मायके
प्रियंका ने पुलिस को बताया कि लॉकडाउन में 19 अप्रैल के दिन उसके ससुरालवालों ने मारपीट की। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया। विवश होकर उसे पैदल ही बोरिंग रोड से जक्कनपुर स्थित अपने मायके लौटना पड़ा। उसने अपने घरवालों को पूरी बात बतायी। आरोप है कि महिला के भाई और पिता की अनुपस्थिति में उसके ससुरालवाले मायके भी पहुंच गये और मारपीट की। 

रेकी करने के बाद हुई गिरफ्तारी
डॉक्टर की गिरफ्तारी रेकी करने के बाद हुई। लड़की के मायके वाले डॉक्टर के एसके पुरी स्थित घर के सामने अपनी गाड़ी से रेकी कर रहे थे। जैसे ही डॉक्टर अपने चालक के साथ गाड़ी से निकले, परिजनों ने पुलिस को खबर कर दी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घेरकर गिरफ्तार कर लिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *