26 साल के युवक ने 70 साल की बीमार वृद्धा से किया रेप, रोज आता-जाता था घर 

 अनपरा                                                                                                                               
उत्तर प्रदेश के अनपरा ऊर्जांचल के भाठ क्षेत्र में रविवार की रात मानसिक विकृतियों की परकाष्ठा दिखायी दी । नशे में धुत कामान्ध युवक ने दादी की उम्र वाली सत्तर वर्षीय वृद्ध व बीमार महिला के साथ दुष्कर्म कर सामाजिक मूल्यों की सारी हदें पार कर दी।

वृद्धा की चीख पुकार और शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने 26 साल के युवक रामकिशुन पुत्र रघुनाथ को मौके पर ही दबोच लिया। वृद्धा के पोते ने पुलिस को सूचित किया जिसके बाद हरकत में आयी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर आईपीसी की धारा 457 व 376 में सोमवार सुबह जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक जिसका पहले से घर में आना जाना था रविवार की शाम लगभग 8:30 पर वृद्धा के घर में घुसा और वृद्धा को अकेली देख उसके साथ दुष्कर्म किया। वृद्धा के शोर की आवाज सुनकर इस बीच ग्रामीण मौके पर पहुंच गये और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को धरदबोचा।

थानाध्यक्ष शैलेष राय ने बताया कि वृद्धा को चिकित्सीय जांच के लिये और आरोपी को जेल भेज दिया गया है। समाज में बेकाबू हो रही इस विकृत मानसिकता को लेकर दिन भर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। लोगों का कहना था कि बच्चियां और किशोरियों के साथ घर के बाहर बढ़ रही घटनाओं पर काबू कैसे लगेगा जब घर के भीतर वृद्धा तक सुरक्षित नही रह पा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *