134 साल की हुई कांग्रेस, राहुल गांधी ने केक काटकर मनाया जश्न

नई दिल्ली
 देश की सबसे पुरानी पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का आज स्थापना दिवस है। 28 दिसंबर 1885 को पार्टी की नींव रखी गई थी। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने ध्वजारोहण किया और केक काटकर जश्न मनाया।

राहुल गांधी वरिष्ठ नेताओं के साथ पार्टी मुख्यालय पहुंचे और पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल हुए। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद पार्टी अध्यक्ष ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मिलकर केक काटा। कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम के मौके पर पार्टी के कोषाध्यक्ष अहमद पटेल, वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा, संगठन महासचिव अशोक गहलोत तथा कई अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
 
बता दें कि 28 दिसंबर 1885 को कांग्रेस का पहला चार दिवसीय अधिवेशन मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में हुआ था, जिसके अध्यक्ष तब के बैरिस्टर व्योमेश चंद्र बनर्जी थे। पार्टी का दूसरा सेशन ठीक एक साल बाद 27 दिसंबर 1886 को कोलकाता में दादाभाई नैरोजी की अध्यक्षता में हुआ था। कांग्रेस पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष राहुल गांधी इसके 60वें अध्यक्ष हैं।

कार्यक्रम के बाद अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा कि 133 साल पहले आज ही के दिन दुनिया का सबसे बड़ा जनांदोलन शुरू हुआ था। इसके बाद से यह आंदोलन राष्ट्र निर्माण के प्रति खुद को सर्मिपत रखे हुए है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जिन्होंने भी इस आंदोलन को खत्म करने की कोशिश की वे खुद इतिहास बन गए। यह आंदोलन कांग्रेस है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *