हरिवंश और रामनाथ ठाकुर जदयू से फिर जाएंगे राज्यसभा

पटना                                                      
राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री रामनाथ ठाकुर लगातार दूसरी बार जदयू से राज्यसभा जाएंगे। मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में इन दोनों नेताओं को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया गया। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह और सांसद आरसीपी सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में इसकी जानकारी दी। 

गौरतलब हो कि बिहार से पांच राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अगले माह यानी अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इनमें तीन हरिवंश, रामनाथ ठाकुर और कहकशां परवीन जदयू से हैं। इन तीनों में दो को जदयू फिर से राज्यसभा का सदस्य बनाएगी। वहीं कहकशां परवीन को दूसरा मौका नहीं मिला। विधायकों की संख्या के अनुसार इस बार जदयू कोटे से दो ही राज्यसभा जा सकते हैं। शुक्रवार यानी 13 मार्च राज्यसभा सदस्य के चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि है। 

बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि एक अणे मार्ग में नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उनके अलावा सांसद अरसीपी सिंह और ऊर्जा मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव भी थे। बैठक में सर्वसम्मति से इन दो नेताओं का चयन किया गया। सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी राज्यसभा में उम्मीदवार के चयन को लेकर बैठक के पहले मुख्यमंत्री से मिलकर बात की थी।  

हरिवंश 
हरिवंश का जन्म 30 जून, 1956 को हुआ था। वे मूलत: उत्तर प्रदेश के बलिया के निवासी है। आठ अगस्त, 2018 को वे राज्यसभा के उप सभापति के लिए निर्वाचित हुए थे। वे जानेमाने पत्रकार थे और कई मीडिया समूह में अपनी सेवा दी थी। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के मीडिया सलाहकार भी वे रह चुके हैं। वर्ष 2014 में वे पहली बार राज्यसभा सदस्य बने।  

रामनाथ ठाकुर 
रामनाथ ठाकुर पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर के पुत्र हैं। तीन मार्च,1950 को उनका जन्म हुआ था। समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम के वे निवासी है। बिहार सरकार में वे जनसंपर्क मंत्री भी रह चुके हैं। वर्ष 1914 में भी वे जदयू से राज्यसभा मे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *