हरियाणा और महाराष्ट्र चुनाव नतीजों पर आई अमित शाह की पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा

नई दिल्ली 
हरियाणा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजो पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि भाजपा-शिवसेना गठबंधन में विश्वास प्रकट करने के लिए महाराष्ट्र की जनता का कोटि-कोटि अभिनंदन। मोदी जी के नेतृत्व में महाराष्ट्र सरकार निरंतर प्रदेश की प्रगति और जनता की सेवा के लिए समर्पित रहेगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फणनवीस व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।

दूसरे ट्वीट पर अमित शाह ने कहा कि गत 5 वर्षों में मोदी जी के केंद्रीय नेतृत्व में खट्टर सरकार ने हरियाणा की जनता के कल्याण के लिए हर संभव प्रयास किये। भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाकर पुनः सेवा का मौका देने के लिए जनता का अभिनंदन करता हूं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, सुभाष बराला  व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।

हरियाणा में जाति की राजनीति से हुआ नुकसान : भाजपा
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अरुण सिंह ने गुरुवार को कहा कि हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान जाति की राजनीति किए जाने से भाजपा को नुकसान पहुंचा। भाजपा महासचिव ने आईएएनएस से कहा, “वे जातिवाद की राजनीति करने में लगे रहे। बेशक, इसने हमें कुछ हद तक नुकसान पहुंचाया है।” उन्होंने कहा कि लेकिन भाजपा हरियाणा में फिर भी सरकार बनाएगी। हरियाणा में जीत के अंतर के बारे में पूछने पर अरुण सिंह चुप हो गए।

वह भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा तैयार जाट गठजोड़ का हवाला दे रहे थे। यह भाजपा के जाट-विरोधी गठजोड़ का जवाब था जो 2014 के चुनाव से लेकर 2019 के चुनाव तक जारी रहा। चुनाव नतीजों के रुझान को देखें तो भाजपा राज्य में कांग्रेस से मामूली बढ़त पर है। दोनों दल हालांकि अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं हैं। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *