स्कूल के कैशीयर को मारी गोली,गंभीर हालत

बेगूसराय
बिहार के बेगूसराय में अपराधियों के हौंसले इसकदर बुलंद हैं कि उन्होंने लॉकडाउन के बावजूद एक स्कूल के कैशीयर को गोली मार दी। कैशीयर को गंभीर हालत में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज रहा है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु गांव की है। बताया जाता है कि गुरुवार की रात कैशीयर ट्यूशन पढ़ा कर साइकल से अपने घर लौट रहा था, जब अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया।

स्कूल कैशियर की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार अपराधियों ने एघु गांव के दुर्गा स्थान के पास उसे रोक लिया बिना कुछ कहे दो गोली मार दी। घायल शख्स की पहचान 26 वर्षीय विकास कुमार के तौर पर हुई है। वह पटना जिले के मरांची निवासी राजेन्द्र ठाकुर का बेटा है। फिलहाल विकास को गंभीर हालत में एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। विकास बड़ी एघु में एक रिटायर पुलिस कर्मी के मकान में किराए पर रहता है।

पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
विकास, कैथमा गांव में एक पब्लिक स्कूल में कैशीयर का काम करता था। इसके साथ ही वह गांव में ट्यूशन भी पढ़ाने का काम करता था। फिलहाल पुलिस फायरिंग के कारणों की पड़ताल में जुट गई है। हालांकि, अभी तक घटना का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है लेकिन पुलिस ने घटना के बाद चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बेगूसराय में कुछ घंटे में ही फायरिंग की दूसरी घटना
लॉकडाउन के बीच बेगूसराय में अपराधियों का कहर लगातार जारी है। इससे पहले बदमाशों ने एक साइकिल सवार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। ये घटना रिफाइनरी ओपी स्थित हरपुर चौक के निकट एनएच-31 की थी। उसके कुछ घंटे के बाद ही मुफस्सिल थाना के एघू गांव मे एक प्राइवेट स्कूल के कैशीयर को गोली मारकर घायल कर दिया। लगातार हो रही ये घटनाएं पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *