सुषमा स्वराज के निधन पर इवांका ट्रंप ने जताया शोक, बताया ‘चैंपियन’

वाशिंगटन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी और उनकी वरिष्ठ सलाहकार इवांका ट्रंप ने बुधवार को भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्वराज को भारत और दुनिया भर में 'महिलाओं के लिए चैंपियन' बताया है। उन्होंने कहा कि भारत ने एक समर्पित और लोकसेवक नेता को खो दिया है। इवांका ने बुधवार को ट्वीट कर ये बातें कहीं।

भारत ने लोकसेवक नेता खो दियाः इवांका

गौरतलब है कि मंगलवार को पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। स्वराज को दुनिया भर के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति की सलाहकार इवांका ट्रंप ने ट्वीट कर स्वराज के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि भारत और दुनिया भर में सुषमा स्वराज महिलाओं के लिए चैंपियन थीं और उनसे परिचित होना सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि पूर्व विदेश मंत्री के निधन से भारत ने एक समर्पित और लोकसेवक नेता को खो दिया। बता दें कि इवांका महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर आधारित एक कार्यक्रम में स्वराज से मिली थीं।

इवांका के अलावा अमेरिका के विदेश मंत्री ने भी स्वराज के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने स्वराज को 'मित्र' और 'मजबूत सहयोगी' करार दिया तथा कहा कि स्वराज अमेरिका के इस विचार से सहमत थीं कि ज्यादा लोकतांत्रिक विश्व अधिक शांतिपूर्ण होता है। पोम्पिओ ने ट्वीट किया,'अपनी मित्र और भारत की पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन की खबर से शोकसंतप्त हूं। वह एक मजबूत सहयोगी थीं जो इस विचार से सहमत थीं कि अधिक लोकतांत्रिक विश्व अधिक शांतिपूर्ण होता है। उनके परिवार और भारत की जनता के प्रति मेरी संवेदना है।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *