सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बोलीं प्रियंका,’ये यूपी के जंगलराज और सरकार की नाकामी पर एक मुहर’

 
लखनऊ 

उन्नाव दुष्कर्म कांड पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गई टिप्पणी के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को यूपी की योगी सरकार और कानून व्यवस्था पर निशाना साधा। कोर्ट की टिप्पणी के बाद प्रियंका ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का फैसला उत्तर प्रदेश में फैले जंगलराज और सरकार की नाकामी पर एक मुहर है। 
अदालत की टिप्पणी के बाद प्रियंका ने ट्वीट किया,'सुप्रीम कोर्ट का फैसला उत्तर प्रदेश में फैले जंगलराज और सरकार की नाकामी पर एक मुहर है। अब जाकर बीजेपी ने माना कि उन्होंने एक अपराधी को संरक्षण दे रखा था और उसे पार्टी से निष्कासित कर अपनी गलती को सुधारने के लिए कम से कम एक कदम उठाया।' उन्होंने एक और ट्वीट में लिखा, 'बेपनाह मुसीबतें झेल रही और दर्द से लड़ रही उन्नाव की बेटी को अब इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी है। उन्नाव की बेटी को न्याय दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रहे तमाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नागरिकजनों को धन्यवाद।' 

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली ट्रांसफर किए सारे केस 
उन्नाव रेप पीड़िता के एक संदिग्ध सड़क हादसे में घायल होने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को बेहद सख्त रुख अपनाते हुए इस केस से जुड़े सभी पांच मामलों को दिल्ली ट्रांसफर कर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने इसके साथ ही केस की रोजाना सुनवाई करते हुए 45 दिन की डेडलाइन भी तय कर दी है। सड़क हादसे की छानबीन भी एक हफ्ते के अंदर पूरी करने का आदेश दिया गया है। 

पीड़िता की हालत अब भी गंभीर 
ज्ञात हो कि उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता अपने परिजनों समेत रविवार को रायबरेली में हादसे का शिकार हो गई थी। कार और ट्रक की टक्कर में पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई, जबकि हादसे में बुरी तरह घायल वकील महेंद्र सिंह चौहान और दुष्कर्म पीड़िता की हालत गंभीर है। प्रशासन ने ऐलान किया है कि दुर्घटना में घायल दोनों लोगों (पीड़िता और उसके वकील) के इलाज का सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *