सुनील ग्रोवर अब बन गए ‘रत्नागिरी’

सुनील ग्रोवर गजब की पर्सनैलिटी हैं। एक ही इंसान के अंदर इतने सारे किरदार और रूप हैं जिन्हें देख लोग गच्चा खा जाते हैं। हम बात कर रहे हैं उनके ऑनस्क्रीन कॉमिक किरदारों की। अब तक आपने सुनील ग्रोवर को गुत्थी, डॉक्टर मशूर गुलाटी, सूर्यप्रकाश और रिंकू देवी जैसे हिट किरदार देखे होंगे, लेकिन अब उनके एक और नए किरदार से मिलने के लिए तैयार हो जाइए।

लॉकडाउन में सुनील ग्रोवर के अंदर एक नया किरदार जन्म ले चुका है, जिसका नाम है रत्नागिरी। सुनील ने रत्नागिरी के अवतार में इंस्टाग्राम पर एक बहुत ही फनी वीडियो शेयर किया है, जो देखते ही देखते वायरल हो गया है। रत्नागिरी का बॉयफ्रेंड केतन से ब्रेकअप हो चुका है और वह भी सिर्फ ब्लू बेरी के ऊपर।

वीडियो में 'रत्नागिरी' बने सुनील ग्रोवर कहते हैं कि उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें ब्लू बेरी लाकर नहीं दिए। लॉकडाउन में उनका भी मन केकिंग और बेकिंग करने का था, लेकिन केतन ने ब्लू बेरी लाने से इनकार कर दिया और कहा कि वह लॉकडाउन के बाद लाकर देगा। इस पर रत्नागिरी ने केतन से कहा कि लॉकडाउन के बाद तो वह खुद ही जाकर खरीद लेगी। बस फिर क्या था, रत्नागिरी ने केतन को 'सन ऑफ ए रिच' कहकर रिश्ता तोड़ दिया। केतन रत्नागिरी से ब्लू बेरी की जगह किशमिश इस्तेमाल करने के लिए कह रहा था।

वीडियो शेयर करते हुए 'रत्नागिरी' बने सुनील ग्रोवर ने बॉयफ्रेंड केतन से कहा, 'केतन मैं तुमसे नफरत करती हूं। प्यार अंधा हो सकता है लेकिन मैं नहीं। सब खत्म हो गया है और मैं शांत हूं। अमीर की औलाद- बाय। रत्नागिरी।

फैन्स को सुनील ग्रोवर का यह नया अवतार खूब भा रहा है। सान्या मल्होत्रा, कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा और कमाल खान जैसे कई सिलेब्रिटीज ने सुनील के इस नए अवतार की तारीफ की है। अब देखते हैं कि सुनील यह नया अवतार कपिल के शो में भी लेकर आएंगे या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *