सिंधिया के लिए मंच से किया ‘महारानी’ ने प्रेम का इजहार

भोपाल
 गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज अपना नामांकन दाखिल किया| इससे पहले उन्होंने एक लंबा रोडशो किया, जिसमे सैंकड़ों वाहनों के साथ कार्यकर्ता उनके साथ चले और फूल मालाओं से जगह जगह स्वागत किया गया है| नामांकन के दौरान उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया भी मौजूद रही है| इसके बाद सभा में भी प्रियदर्शिनी राजे ने खूबसूरत अंदाज में अपने पति के लिए प्यार का इजहार करते हुए भाजपा पर निशाना साधा| क्षेत्र में अपने समर्थकों के बीच महारानी कहलाने वाली प्रियदर्शिनी का यह अंदाज लोगों को जमकर भाया, और सभा में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं| इस दौरान सिंधिया भी शर्माते हुए मुस्कराने लगे|

चुनावी राजनीति में न आते हुए भी प्रियदर्शिनी कदम से कदम मिलाकर सिंधिया के साथ चलती रही हैं| इस बार भी जब सिंधिया को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो उन्होंने अपने पति के लिए मैदान संभाल लिया है| पिछले तीन महीनों से वे लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और जनसम्पर्क कर रही हैं| इस क्षेत्र में सिंधिया घराने का वर्चस्व है, यही कारण है कि इस सीट पर भाजपा को हमेशा से जीत का इन्तजार है | प्रियदर्शिनी राजे की सक्रियता के चलते उनके चुनाव लड़ने के कयास खूब लगाए गए, लेकिन इस बार ऐसा हुआ नहीं| संभावना है कि आने वाले चुनावों में प्रियदर्शिनी चुनावी राजनीति में प्रवेश कर सकती हैं|

सिंधिया के नामांकन दाखिल करने के बाद शिवपुरी में आयोजित सभा में सिंधिया ने सभा को सम्बोधित किया| जिसके बाद प्रियदर्शिनी भी सम्बोधित करने पहुंची और एक शायरी बोलते हुए कहा 'चांदनी चाँद से होती है, सितारों से नहीं, हम अपने प्रिय सिंधिया जी से प्यार करते हैं इस सूट बूट वाली सरकार से नहीं'| भरे मंच पर प्रियदर्शिनी का इस खूबसूरत अंदाज में भाजपा पर निशाना साधना और अपने पति के लिए प्रेम का इजहार करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *