सात राज्यों से बढ़ा कोरोना संक्रमण का संकट 

 नई दिल्ली                                                                   
कोरोना वायरस महामरी का संक्रमण वैसे तो देश के कई राज्यों में बढ़ रहा है लेकिन महाराष्ट्र, दिल्ली, तमिलनाडु, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश में इसकी रफ्तार काफी तेज है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों की पड़ताल करने पर पता चला कि बीते 10 दिनों में इन राज्यों में बड़ी संख्या में नए मामले सामने आए हैं।

दिल्ली में 15 दिन पहले जहां रोजाना करीब एक हजार मामले आते थे, वहीं अब औसतन 1300 मामले रोज दर्ज किए जा रहे हैं। गुरुवार को तो 1500 का आंकड़ा भी पार हो गया। तमिलनाडु में जहां 700-800 से मामले आते थे अब रोजाना 1300 से ज्यादा केस आने लगे हैं और गुरुवार को तो र्ड 1927 मामले दर्ज किए गए। हरियाणा में तो तीन गुना जबकि जम्मू-कश्मीर में दोगुना उछाल आया है। देश के सात राज्यों में इस समय 10 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही यूपी देश में सबसे ज्यादा संक्रमित राज्यों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

हरियाणा में महज चार दिन में 28 मरीजों की मौत:  हरियाणा में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। सात जून तक जहां राज्य में कोरोना से सिर्फ 24 मौत हुई थी लेकिन 11 जून को यह आंकड़ा 52 तक पहुंच गया। 
 
यूपी में दो दिन में रिकॉर्ड मौतें दर्ज की गईं: यूपी में कोरोना वायरस की महामारी से 31 मई तक 201 लोगों ने जान गंवाई थी लेकिन गुरुवार तक 321 लोग दम तोड़ चुके थे। बीते दो दिनों में रिकॉर्ड मौतें वहां दर्ज की गई हैं। दिल्ली में कोरोना वायरस के संक्रमण से जहां 31 मई तक 416 लोगों ने दम तोड़ा था लेकिन गुरुवार को यह संख्या 984 तक पहुंच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *