साकेत कोर्ट में पेशी से लौट रहे बदमाश की गोली मारकर हत्या

 
नई दिल्ली

साकेत कोर्ट में पेशी से वापस लौट रहे एक घोषित बदमाश की कोर्ट से कुछ दूरी पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसे दो गोलियां मारी गईं। बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलियां चलाईं। अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। 
 
साउथ दिल्ली के डीसीपी विजय कुमार ने बताया कि मारे गए बदमाश का नाम प्रिंस है। वह मालवीय नगर थाना इलाके का घोषित बदमाश था। उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज थे। एक मुकदमे के सिलसिले में ही सोमवार को इसकी साकेत कोर्ट में पेशी थी। पेशी से वह वापस अपने दोस्तों के साथ मॉल जा रहा था। 

प्रिंस कोर्ट के पास एक नाले के करीब खड़ा होकर अपने तीन दोस्तों का इंतजार कर रहा था। उस वक्त वह अपने एक अन्य दोस्त के साथ स्कूटर पर था। तभी बाइक सवार दो बदमाश आए और उसके ऊपर गोलियां चला दीं। हमलावरों में बाइक चलाने वाले ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि बाइक के पीछे बैठा बदमाश बिना हेलमेट के था। 

घायल प्रिंस को साकेत के मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि शक है कि इसे जिन बदमाशों ने गोली मारी है, उनमें एक आया नगर थाना इलाके का घोषित बदमाश है। इन दोनों बदमाशों के बीच काफी समय से दुश्मनी चल रही है। घटना दोपहर बाद करीब 3 बजे की बताई गई है। मामले में हमलावरों की पहचान कर ली गई है। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *