सरकारी स्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के 14 सौ पद खाली, भर्ती की समय सीमा नहीं

रायपुर
प्रदेश में व्यायाम शिक्षकों के आधे से ज्यादा पद खाली हैं मगर इसकी भर्ती नहीं हो पा रही है। सरकार ने कहा है कि इन पदों पर भर्ती कब होगी, इसके लिए कोई निश्चित समय-सीमा नहीं है।

पिछली सरकार ने स्कूलों में योग-व्यायाम शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी। योग को अनिवार्य भी किया गया था। व्यायाम शिक्षकों को ही ट्रेनिंग देने की बात कही गई थी, लेकिन सभी कागजी साबित हुए हैं। हाल यह है कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में ज्यादातर जगहों पर व्यायाम शिक्षकों के पद ही स्वीकृत नहीं है। जहां पद स्वीकृत हैं, वहां शिक्षकों की भर्ती नहीं हो पाई है।

बताया गया कि प्रदेश में व्यायाम शिक्षकों के 2541 पद स्वीकृत हैं। ये पद पंचायत के साथ-साथ नगरीय निकायों के स्कूलों के हैं। इनमें से सिर्फ 1151 पदों पर ही भर्ती हो पाई है। यानी आधे से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली है। एक जानकारी के मुताबिक इन स्कूलों में व्यायाम शिक्षकों के 1390 पद खाली पड़े हैं। ऐसे समय में जब सरकार खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है, ज्यादातर जगहों पर पद खाली पड़े हैं।

सरकार ने इन सभी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए कोई समयसीमा ही तय नहीं की है। दूसरी तरफ, प्रदेश में ग्रंथपाल के 26 सौ पद स्वीकृत हैं। इनमें से मात्र 336 पदों पर ही नियुक्ति हो पाई है। प्रदेश में 2264 पद खाली पड़े हैं। यहां नियुक्तियां नहीं हो पा रही है और इसके लिए कोई समय सीमा भी निर्धारित नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *