‘शाह को भेजा जेल, अब चिदंबरम खाएं रोटियां’

लखनऊ
आईएनएक्स मीडिया केस में हुई पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम की गिरफ्तारी पर मचे सियासी हंगामे में अब राज्यसभा सांसद अमर सिंह भी कूद पड़े हैं। उन्होंने चिदंबरम की गिरफ्तारी को सही ठहराया और इसे ऐतिहासिक दिन बताया। अमर सिंह ने कहा कि जो लोग सफेद कपड़ों में घूम रहे थे, वह पकड़े गए हैं। पी चिदंबरम के बेटे कार्ति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कानून के नाम पर दलाली की रोटियां खाने वाले नमकहरामी कर रहे हैं। अमित शाह (केंद्रीय गृह मंत्री) को जेल की रोटियां खिलाईं हैं, तो अब चिदंबरम भी खाएं।

अमर सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक विडियो जारी किया। इसमें उन्होंने कहा, 'आज गुरुवार का दिन है। भगवान तिरुपति का दिन है। भगवान विष्णु का दिन है। जो लोग छद्म वेश में श्वेत बनकर समाज में घूम रहे थे, वह पकड़े गए हैं। यह ईश्वर की कृपा के बिना संभव नहीं था।'

'क्या जज भी बीजेपी के सदस्य हैं?'
चिदंबरम के बेटे कार्ति के बयान पर अमर सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि कार्ति चिदंबरम ने पूरी न्यायपालिका पर सवाल उठाया है। क्या हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जज बीजेपी के सदस्य हैं? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'बालक चिदंबरम ने कहा है कि आर्टिकल 370 से ध्यान हटाने के लिए यह सब किया गया है। दिल्ली हाई कोर्ट के न्यामूर्ति क्या बीजेपी के सदस्य हैं? सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति भी बीजेपी के सदस्य हैं? न्यायपालिका ने चिदंबरम को प्राथमिकता नहीं दी, इसलिए वह पूरी न्यायपालिका पर प्रश्नवाचक चिन्ह लगा रहे हैं।'

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *