वैलेंटाइन डे पर अनूठी शादी : एक-दूजे के होंगे किन्नर और युवक 

इंदौर
वैलेंटाइन डे के मौके पर प्यार का इजहार करना, तोहफे देना आम हो चुका है लेकिन इस खास मौके पर शहर में एक खास शादी होने जा रही है।

यह शादी लड़के और लड़की के बीच नहीं बल्कि एक ट्रांसजेंडर और एक पुरुष के बीच होने जा रही है। ट्रांसजेंडर अनीता हिंदू है और पुरुष अनीस मुस्लिम। 14 फरवरी को यह शादी हिंदू विधि-विधान से एक मंदिर में होगी।

शादी का विरोध होने के डर से अनीता फिलहाल ज्यादा जानकारी नहीं देना चाह रही लेकिन अनीस से प्रेम संबंधों को स्वीकार कर रही हैं। उनका कहना है कि किन्नर होने के बावजूद उसने परंपरागत काम छोड़कर खुद का रोजगार तलाशने की कोशिश की और बाद में इसी समुदाय और मानवाधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था से जुड़ गई।

इसी दौरान महू के अनीस से प्यार हुआ और उन्होंने एक-दूजे से शादी रचाने की इच्छा जाहिर की। रजामंदी के बाद बदलाव समिति के पदाधिकारियों से अपने मन की बात कही। समिति के मीडिया मैनेजर रोहित गुप्ता ने बताया कि 30 वर्षीय अनीता इंदौर की हैं, जबकि अनीस महू में व्यापारी हैं।

शादी में दोनों पक्षों से जुड़े कुछ खास लोगों को आमंत्रित भी किया गया है। मंदिर में शादी होने के बाद आधिकारिक रूप से पंजीयन भी करवाया जाएगा ताकि इसे कानूनी मान्यता मिल सके। (विवाह करने वाले जोड़े के अनुरोध पर नाम बदल दिए गए हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *