विश्व तीरंदाजी ने एएआई को निलंबित किया

कोलकाता
विश्व तीरंदाजी ने गुरूवार को भारतीय तीरंदाजी संघ (एएआई) को अपने दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के लिये निलंबित कर दिया और इस महीने के अंत तक महासंघ की व्यवस्था ठीक करने को कहा है। यह फैसला सोमवार से प्रभावी होगा और भारतीय तिरंगे के तले तीरंदाज जिस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं, वह 19 से 25 अगस्त तक मैड्रिड में होने वाली विश्व तीरंदाजी युवा चैम्पियनशिप है। विश्व तीरंदाजी के महासचिव टॉम डिलेन ने बयान में कहा कि विश्व तीरंदाजी जून में भारतीय तीरंदाजी संघ को निलंबित करने के फैसले को लागू कर रही है। विश्व तीरंदाजी के कार्यकारी बोर्ड ने जुलाई के अंत तक हल ढूंढने की समयसीमा दी थी और इसमें कोई प्रगति नहीं की गयी जिससे विश्व संचालन संस्था ने अपने निलंबन के आदेश को लागू कर दिया। 

डिलेन ने बयान में कहा कि अगर इस महीने के अंत तक हल नहीं निकाला गया तो कार्यकारी बोर्ड फैसला करेगा कि भारतीय एथलीटों के एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई पैरा चैम्पियनशिप में भाग लेने के मौके को बचाने के लिये क्या किया जा सकता है। इस विवाद पर अदालत के फैसले की उम्मीद है तो एएआई ने विश्व तीरंदाजी से कुछ और दिन देने का अनुरोध किया था लेकिन इसे ठुकरा दिया गया। दिलचस्प बात है कि निलंबन का आदेश इस मुद्दे पर अदालत की सुनवाई से एक दिन पहले आया है। नवंबर में बैंकाक में होने वाली एशियाई चैम्पियनशिप और एशियाई पैरा चैम्पियनशिप में ओलंपिक कोटे दाव पर लगे होंगे। भारत ने अभी तक अगले ओलंपिक के लिये तीन पुरूष कोटे हासिल कर लिये हैं लेकिन अभी तक महिलाओं ने कोटा नहीं हासिल किया है। उन्होंने कहा कि साथ ही विश्व तीरंदाजी यह भी फैसला करेगी कि इंडोर तीरंदाजी विश्व सीरीज में कोई व्यक्तिगत एथलीट भाग ले सकता है या नहीं। एएआई के अधिकारियों को चुनने के लिये नो जून को नयी दिल्ली और चंडीगढ़ में दो अलग अलग गुटों ने चुनाव कराये थे जिसमें दो अध्यक्ष -अर्जुन मुंडा और बीवीपी राव- को चुना गया था। मुंडा को 20 राज्य संघों जबकि राव को 10 राज्य संघों का समर्थन प्राप्त है। 

विश्व तीरंदाजी ने एक प्रतिनिधि काजी राजीब उद्दीन अहमद चापोल को चुनावों के लिये एक मध्यस्थ और पर्यवेक्षक के रूप में भेजा था लेकिन वह दोनों गुटों को एक चुनाव कराने के लिये नहीं मना सके।  अब भारतीय खेल प्राधिकरण आगामी एशियाई चैम्पियनशिप के लिये ट्रायल करा रही है और शुक्रवार को टीम की घोषणा करेगी। विश्व तीरंदाजी ने इससे पहले पोलिश तीरंदाजी महासंघ को भी इन्हीं हालात के कारण पिछले साल अक्टूबर में निलंबित कर लिया था लेकिन फरवरी में चीजें सही होने पर प्रतिबंध हटा लिया था।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *