वरुण गांधी को जनता ने नकार दिया अब मेनका छलने आई हैं: मायावती

 
सुल्तानपुर

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने कहा कि सत्ता के मद में चूर भारतीय जनता पार्टी की चौकीदारी काम नहीं आयेगी। इस बार देश में गठबंधन की सरकार बनेगी। गठबंधन प्रत्याशी चंद्रभद्र सिंह सोनू' के समर्थन में अमहट में जनसभा को संबोधित करते हुए मायावती ने कहा कि नमो-नमो की सरकार जा रही है। गठबंधन की सरकार आने वाली है। भाजपा के लोगों में सत्ता का घमण्ड उनके सर पर चढ़कर बोल रहा है जबकि उनकी सरकार को सत्ता में नहीं आना है। भाजपा और कांग्रेस चुनावी वादा पूरा नहीं करती। भाजपा की चौकीदारी काम नहीं आयेगी। किसान इस सरकार से परेशान है। 

उन्होने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी के लिये बूथ स्तर के कार्यकर्ता मजबूती से लगें। बूथ पर एक एक वोट को डलवाने की जिम्मेदारी बूथ स्तरीय कार्यकर्ता लें। सभी को वोट देने का अधिकार है। भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी पर आरोप लगाते हुये बसपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के बेटे वरुण गांधी को जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है तो अब उनकी मां (मेनका गांधी) जनता को छलने आ गईं हैं। 

उन्होंने वरूण गांधी का नाम लिये बगैर कहा कि मौजूदा सांसद यदि दोबारा सुलतानपुर से चुनाव लड़े होते तो उन्हें अपनी हैसियत का पता चल जाता। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर से पुराना नाता जोड़ने वाली भाजपा उम्मीदवार को इससे पहले कभी यहां के बाशिंदों की याद नहीं आयी। वह खुलेआम मुस्लिम लोगों को धमका रही हैं कि वोट दोगे तभी विकास कार्य होगा जिसे चुनाव आयोग ने संज्ञान में लिया था।       

कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुये उन्होने कहा कि कांग्रेस गरीबी दूर करने में नाकाम रही। पिछड़ों को भी आरक्षण का लाभ नही मिला। कांग्रेस -भाजपा के चुनावी वादे झूठे है। कांग्रेस की वजह से ही भाजपा सत्ता में आयी। गरीबों, पिछड़े वर्गों का बिकास नही हो रहा। कांग्रेस के समय आरक्षण लाभ नहीं मिला। गरीबों, पिछड़ों को कानूनी अधिकार नही मिल रहा है। इस चुनाव में कांग्रेस जनता को प्रलोभन के लिये झूठे वादे कर रही है जो कभी पूरा नहीं होने वाले हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *