लोकसभा चुनावः RJD ने सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन के लिए लालू को किया अधिकृत

 
पटना

 लोकसभा चुनावों को लेकर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर शनिवार को राजद की राज्य और केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को अधिकृत कर दिया है। इस बैठक में पार्टी के तमाम नेता शामिल हुए। इसके साथ ही बैठक में फैसला लिया गया कि पुलवामा हमले के कारण राजद इस बार होली नहीं मनाएगा। 

राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद मनोज झा और राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं विधान परिषद के सदस्य कमर आलम ने बैठक के बाद कहा कि लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन के लिए केंद्रीय संसदीय बोर्ड ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष यादव को अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत कर दिया है। साथ ही बोर्ड ने विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी के चयन के लिए भी लालू यादव को अधिकृत किया है।

दोनों नेताओं ने कहा कि संसदीय बोर्ड की बैठक में समान विचारधारा वाले दलों के साथ गठबंधन की जिम्मेवारी राजद अध्यक्ष को दी गई है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि लोकसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के घटक दलों की बैठक शीघ्र ही होगी। राजद नीत महागठबंधन में कांग्रेस, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल है। इससे पूर्व बैठक में राजद विधानमंडल दल की नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, राज्यसभा सांसद मीसा भारती, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांति सिंह के साथ ही पार्टी के विधायक एवं विधान परिषद के सदस्य भी उपस्थित थे। बैठक लगभग चार घंटे तक चली।

रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने शुक्रवार को राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि इस दौरान लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत हुई है। इससे पूर्व भारतीय जनता पार्टी से नाराज चल रहे पटना साहिब से सांसद एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी राबड़ी देवी से मुलाकात की थी। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राजद अध्यक्ष लालू यादव चारा घोटाले के अलग-अलग मामलों में झारखंड की राजधानी रांची की जेल में सजा काट रहे हैं। हालांकि अस्वस्थ होने के कारण इन दिनों वह रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *