रायबरेली सीट से प्रियंका होंगी कांग्रेस कैंडिडेट?

लखनऊ
इस साल होने वाले लोकसभा चुनाव में रायबरेली लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी वाड्रा कांग्रेस की उम्मीदवार हो सकती हैं। यहां क्षेत्र में चर्चा है कि स्वास्थ्य कारणों से यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव नहीं लड़ेंगी। ऐसे में प्रियंका यहां से दावेदार होंगी। इसकी तैयारियां भी क्षेत्र में शुरू हो गई हैं। यहां की तैयारियों और सांगठनिक फेरबदल में प्रियंका गांधी वाड्रा की ही राय ली जा रही है। हाल ही में आठ ब्लॉक अध्यक्षों को बदलने की बात आई तो उन्हें भी बिना प्रियंका के अप्रूवल के नहीं बदला गया।

कई साल से प्रियंका गांधी वाड्रा के सक्रिय राजनीति में आने की चर्चा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के गाढ़े वक्त में प्रियंका गांधी वाड्रा न केवल चुनाव लड़ेंगी, बल्कि यूपी के हिस्से में वह सक्रिय हिस्सेदारी रखेंगी। प्रियंका के चुनाव मैदान में आने की बात को इसलिए भी बल मिल रहा है क्योंकि पिछले चुनाव के बाद से सोनिया गांधी की सक्रियता क्षेत्र में काफी कम रही है। वह यहां न के बराबर पहुंचीं। इसके अलावा, पिछले कुछ चुनावों में भी सोनिया गांधी की सक्रिय भूमिका न के बराबर ही रही है।

एक महीने से गांव-गांव कर रहे चौपाल
सोनिया गांधी के सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा पिछले एक महीने से गांव-गांव चौपाल कर रहे हैं। जिला इकाइयां अलग-अलग प्रचार कर रही हैं। फिलहाल प्रचार का तरीका छोटी-छोटी चौपालों और लोगों से संपर्क का ही रखा गया है।

लोगों को समझाई जा रही चुनाव की अहमियत
लोगों को इस संपर्क में चुनाव की अहमियत बताई जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि यह चुनाव बेहद अहम है। राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। यहां लोगों से सीधे तौर पर प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने की बात तो कांग्रेस संगठन के पदाधिकरी नहीं कह रहे हैं, लेकिन जब उनसे स्पष्ट तौर पर पूछा जा रहा है कि कौन चुनाव लड़ेगा? तो वह कहते हैं कि गांधी परिवार का ही कोई चुनाव लड़ेगा।

तीन राज्यों में जीत के बाद फिर सक्रिय हुईं प्रियंका
यूपी विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा पर्दे के पीछे काफी सक्रिय थीं। स्थिति यह तक थी कि कांग्रेस के यूपी प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने सार्वजनिक तौर पर उन्हें कांग्रेस का कमांडर इन चीफ करार दे दिया था, लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद उनकी सक्रियता पूरी तरह खत्म हो गई थी। इस बीच तीन राज्यों में कांग्रेस के पक्ष में चुनाव परिणाम आने के बाद प्रियंका गांधी की सक्रियता फिर दिख रही है। बताया जाता है कि तीनों राज्यों में मुख्यमंत्री उम्मीदवार को लेकर जब तक असमंजस की स्थिति थी, तब भी प्रियंका की भूमिका अहम रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *