राजधानी के कलेक्ट्रेट में साध्वी प्रज्ञा ने भरा नामांकन, साधु संत रैली में साथ

भोपाल
भोपाल लोकसभा सीट पर भगवा की ताकत का प्रदर्शन करते हुए साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने आज कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। हजारों कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे साध्वी के समर्थकों ने इस दौरान राष्ट्रवाद के नारे लगाए। रैली को भवानी चौक से कलेक्टर कार्यालय पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लगा। इस मौके पर पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, अखिलेश्वरानंद गिरि समेत अन्य राजनेता और साधु संत रैली में साथ रहे।

साध्वी प्रज्ञा रिवेरा टाउन स्थित अपने निवास से सवा 11 बजे रवाना हुईं। भवानी चौक में पहले से साध्वी के आने का इंतजार कर रहे नेताओं, साधु संतों और कार्यकर्ताओं ने यहां पहले नारेबाजी की। इसके बाद रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय के लिए रवाना हुए। जो प्रमुख नेता रैली में शामिल होने के लिए पहुंचे थे, उनमें पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, विधायक कृष्णा गौर, विश्वास सारंग, रामेश्वर शर्मा, पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा, पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह, जिला अध्यक्ष विकास वीरानी समेत भाजयुमो और कमलशक्ति की महिलाएं इस रैली में शामिल रहे।

साध्वी प्रज्ञा के रैली के रूप में नामांकन जमा करने के दौरान आज भवानी चौक से लेकर कलेक्टर कार्यालय तक का नजारा भगवा रंग की धूम में डूबा रहा। महिलाएं भगवा कलर की साड़ियां पहनकर साध्वी की रैली में शामिल हुईं तो पुरुषों ने भगवा टोपी पहन रखी थी। भवानी चौक पर भगवा पगड़ी पहनाने के लिए अलग से कुछ लोगों की ड्यूटी लगाई गई थी। वहीं मंदिर परिसर के पास राम भक्ति के गीत बज रहे थे।

साध्वी प्रज्ञा ने नामांकन भरने से पहले साध्वी ऋतंभरा के गुरु युगपुरुष स्वामी परमानंद गिरि महाराज से आशीर्वाद लिया। पार्टी सूत्रों ने बताया कि स्वामी परमानंद आज खासतौर पर उन्हें आशीर्वाद देने पहुंचे थे। इसके पहले उन्होंने घर पर वैदिक रीति रिवाज से ठाकुर जी की पूजा अर्चना की। इसके बाद भवानी चौक स्थित माता मंदिर पहुंचीं। यहां भी मंदिर में उन्होंने हजारों समर्थकों की मौजूदगी में पूजा की और नामांकन भरने के लिए रवाना हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *