रमन सिंह ने कहा, कांग्रेस सरकार में राज्य की आर्थिक स्थिति बिगड़ी, 70 दिनों में लिए सात बार कर्ज

रायपुर
 छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। रमन सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा, राज्य दिवालियापन की ओर आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस के प्रदेश की सत्ता में आने के 70 दिनों में ही नतीजे सामने आने लगे हैं। उन्होंने कहा, जिस प्रकार राज्य की आर्थिक स्थिति बिगड़ती जा रही है, इस बात का जिक्र विधानसभा में भी किया था।

रमन सिंह ने कहा, राज्य के आर्थिक हालात इस कदर बिगड़ गए हैं कि विधायकों और सरकारी कर्मचारियों को सैलरी देने तक की स्थिति नहीं है। इतना ही नहीं रिटायर्ड कर्मचारियों को पेंशन भी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा, ट्रेजरी में सर्वर 22 दिन से डाउन है। उन्होंने इसकी मुख्य वजह तकनीकी समस्या नहीं बल्कि 2 हजार करोड़ का बिल भुगतान नहीं होना बताया है।

रमन सिंह ने कहा, कांग्रेस सरकार ने पिछली सरकार की योजनाओं को बंद करने का साजिश रच रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार के दाल-भात केन्द्र बंद किए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के 70 दिनों में प्रदेश की ये हालत है, आने वाले समय में प्रदेश की स्थिति और बिगड़ जाएगी। इस स्थिति में संविदा कर्मचारियों, शिक्षकों और किसानों से किए वादे को कैसे पूरा करेंगे।

उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा इस सरकार में प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गई है। प्रदेश आर्थिक अराजकता की स्थिति में पूरी तरह फंस चुका है। सरकार इस स्थिति से निकलने के लिए सात बार कर्ज ले चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *