यूपी और कर्नाटक में पहली बार ऐसा, हायर एजुकेश में लड़कों से ज्यादा लड़कियां

नई दिल्ली
लड़के और लड़कियों की पढ़ाई से जुड़ी लोगों की सोच में बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेनेवाले लड़के और लड़कियों को संख्या में जो गैप रहता था वह लगातार कम हो रहा है। इसी का नतीजा है कि पहली बार दो राज्यों में लड़कियां उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने में लड़कों से आगे निकल गई हैं। ऐसा कर दिखानेवाले दो राज्य हैं उत्तर प्रदेश और कर्नाटक। दोनों में 18-23 की उम्र में उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने वाले लड़कों की संख्या लड़कियों से कम पाई गई है।
यह बात ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन (AISHE) में सामने आई है। इसे मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा करवाया जाता है। यूपी की बात करें तो परिवर्तन पिछले एक साल में देखने को मिला है। पिछले साल यूपी की कॉलेज या यूनिवर्सिटी में लड़कों की संख्या लड़कियों के मुकाबले 1.61 लाख ज्यादा थी। लेकिन अब यहां 90 हजार ज्यादा लड़कियां हैं। कर्नाटक राज्य में यह नंबर बहुत ज्यादा बड़ा नहीं लेकिन ज्यादा है। वहां हायर एजुकेशन में लड़कों के मुकाबले 1600 लड़कियां ज्यादा हैं।

यूनिवर्सिटीज, फैकल्टीज में भी इजाफा
सर्वे में देखने को मिला है कि हायर एजुकेशन में दाखिले लेनेवाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। 2017-18 में यह 25.8 था जो 2018-19 में 26.3 हो गया है। इस दौरान यूनिवर्सिटीज की संख्या में भी इजाफा हुआ है। यह 903 (2017-18) से बढ़कर 993 (2018-19) हो गई हैं। हायर एजुकेशन देनेवाले संस्थानों (HEI) की संख्या भी इस दौरान 49,964 से बढ़कर 51,649 हो गई है। फैकल्टीज (पढ़ानेवाले) भी 13.88 लाख से 14.16 लाख पहुंच गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *