मेसी ने रिकॉर्ड छठी बार जीता बैलन डी’ओर अवॉर्ड,महिलाओं में अमेरिका की रेपिनो अव्वल
पेरिस
फुटबॉल क्लब बार्सिलोना के स्ट्राइकर लियोनल मेसी (32) सोमवार रात दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर चुने गए। पेरिस में हुए समारोह में उन्होंने रिकॉर्ड छठी बार बैलोन डी'ओर अवॉर्ड जीता। लिवरपूल के डिफेंडर वर्जिल वान डिक दूसरे और युवेंटस के क्रिस्टियानो रोनाल्डो तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं में अमेरिका की मेगन रेपिनो ने दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का सम्मान हासिल किया। उनसे पहले नॉर्वे की एडा हैगरबर्ग ऐसा कर चुकी हैं।
पुरस्कार जीतने के बाद मेसी ने कहा, ‘‘10 साल बीत गए, जब मैंने पहली बार ये सम्मान हासिल किया था। उस वक्त मैं 22 साल का था और अपने तीन भाइयों के साथ यहां पहुंचा था। मुझे अगले कुछ साल और फुटबॉल खेलने की उम्मीद है। मैं जानता हूं कि रिटायरमेंट की उम्र करीब है। इसलिए मैं हर लम्हे को जी रहा हूं।’’ इससे पहले पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पांच बार यह अवॉर्ड जीता है।