मुख्यमंत्री कमलनाथ रखेंगे अपने खास लोगों का ख़याल, संगठन में भूमिका निभाने वालों को मिलेगा मेहनत का फल

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनने से पहले मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने खास लोगों को संगठन से निकाल कर सत्ता में लाने जा रहे हैं। सीएम की इच्छा के बाद अब  प्रदेश कांग्रेस में मुख्य जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों को निगम मंडल में भेजे जाने का रास्ता साफ हो गया है।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के साथ विधानसभा चुनाव में संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वालों को सरकार मेहनत का फल जल्द देने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर सहित मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा, उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, संगठन महामंत्री राजीव सिंह, पीसीसी चीफ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा, चुनाव आयोग का काम देखने वाले जेपी धनोपिया को निगम मंडल में लिए जाने का तय हो चुका है। हालांकि इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री मोहम्मद सलीम को बीडीए में एडजस्ट किया जा सकता है।

राजनीतिक नियुक्तियों को जल्द करने के पीछे यह माना जा रहा है कि अगस्त में प्रदेश कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष अपनी टीम अलग बनाएंगे, ऐसे में चुनाव के वक्त कमलनाथ का मजबूती से साथ देने वाले पार्टी के पदाधिकारियों को नए अध्यक्ष के आने से नुकसान न हो साथा ही नए अध्यक्ष स्वतंत्र रूप से अपनी टीम भी बना सकें। इसलिए राजनीतिक नियुक्यिां जल्द की जाएंगी।

योजना आयोग के उपाध्यक्ष के लिए प्रदेश कांग्रेस के दो बड़े नेताओं में होड़ लग गई है। दोनों ही नेता विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं। इन दोनों नेताओं ने चुनाव में तमाम गुटबाजी से ऊपर उठ कर कमलनाथ का साथ दिया था। इसलिए मुख्यमंत्री कमलनाथ भी दोनों नेताओं को किसी महत्वपूर्ण आयोग, निगम-मंडल की जिम्मेदारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *