माउंट डेनाली पर तिरंगा फहराकर यूपी कैडर की महिला आईपीएस अपर्णा कुमार ने रचा इतिहास

 लखनऊ।
                                                                 
यूपी कैडर की आईपीएस अफसर अपर्णा कुमार ने यूएसए के अलास्का में स्थित माउंट डेनाली पर्वत पर भारत का तिरंगा फहराकर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही उन्होंने देश का ही नहीं बल्कि आईटीबीपी और यूपी पुलिस का भी मान बढ़ाया है।

2002 बैच की यूपी कैडर आईपीएस अफसर अपर्णा कुमार देश की पहली ऐसी आईपीएस अफसर हैं जिन्होंने पूरी दुनिया में मशहूर सेवेन कांटिनेंट (सात पर्वतमालाओं) पर भारतीय तिरंगा फहराया है। भारत में ऐसे पर्वतारोही गिने चुने हैं जिन्होंने दुनिया की सात सबसे ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर फतेह हासिल की हो और अपर्णा कुमार उनमें से एक हैं।

माउंट डेनाली पर्वत पर क्लामबिंग के लिए अपर्णा ने 15 जून को भारत छोड़ा था और उनकी तैयारी 10 जुलाई के आसपास इस पर्वत पर चढ़ने की थी लेकिन वहां के साफ मौसम ने अपर्णा को ये कीर्तिमान रचने के लिए ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करने दिया और अपने तय समय से दस दिन पहले ही अपर्णा कुमार ने ये सफलता हासिल कर ली। जिस वक्त वो चढ़ाई कर रहीं थीं उस वक्त वहां का तापमान माइनस 40 डिग्री के आसपास था और 250 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली हवाएं चल रही थी। आपको बता दें कि माउंट डेनाली पर्वत की समुद्र तल से ऊंचाई 20320 फीट है।

फिलहाल अपर्णा अभी अलास्का में ही मौजूद हैं। उनके पति सीनियर आईएएस संजय कुमार का कहना है कि अभी उन्हें वापस आने में तकरीबन एक हफ्ते का वक्त और लग जाएगा। अभी तक उनसे परिवार की बात नहीं हुई है, केवल एक सैटेलाइट फोन के माध्यम से अपर्णा कुमार ने अपनी सफलता का संदेश परिवार तक भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *