महागठबंधन के आंदोलन में शामिल होने पर सहयोगी दलों में पेंच

पटना 
महागठबंधन द्वारा 13 नवंबर यानी बुधवार को प्रस्तावित आंदोलन पर इसके सहयोगी दलों में पेंच फंस गया है। इस आंदोलन में इसके सभी घटकों के शामिल होने की संभावना कम दिख रही है। इसके दो घटक दलों- हम और वीआईपी ने शर्त रख दी है कि पहले महागठबंधन की समन्वय समिति बने तभी वे इस आंदोलन में हिस्सा लेंगे। वहीं, कांग्रेस ने भी इस आंदोलन में शामिल होने को लेकर अब तक कोई दिशा -निर्देश जारी नहीं किया है। उधर, महागठबंधन का प्रमुख घटक दल राजद ने कहा है कि इस कार्यक्रम में उसके शामिल नहीं होने को लेकर विरोधियों द्वारा भ्रामक प्रचार किया जा रहा है। वह आंदोलन में शामिल होगा। गौरतलब है कि रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाह की अगुवाई में बीते दिनों केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ कमाई, पढ़ाई और सिंचाई के मुद्दे पर आंदोलन का ऐलान किया गया था। महागठबंधन के इस प्रदर्शन में सभी घटक दलों को शामिल होना था। 

कोआर्डिनेशन कमेटी पर चुप्पी तोड़ें उपेन्द्र : हम
हम ने कहा है कि कुछ स्वार्थी राजनेता अपने लाभ के चक्कर में महागठबंधन की एकजुटता को तोड़ना चाहते हैं। रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा महागठबंधन के कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन के मामले में चुप्पी क्यों साधे हैं? श्री कुशवाहा को चाहिए कि वह सबसे पहले कोआर्डिनेशन कमेटी पर चर्चा करें। तभी महागठबंधन की एकजुटता को ताकत मिलेगी। मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता अमरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ‘हम’ महागठबंधन से दूर नहीं। परंतु पार्टी अध्यक्ष जीतन राम मांझी की बातों को महागठबंधन के घटक दल के नेता नहीं मान रहे। कहा कि अगर कोआर्डिनेशन कमेटी पर महागठबंधन में सहमति बनेगी तभी ‘हम’ के नेता महाधरने में भाग लेंगे। 

कांग्रेस किनारा कर सकती है आंदोलन से 
महागठबंधन के 13 नवंबर को प्रस्तावित आंदोलन से कांग्रेस किनारा कर सकती है। ऐसा नहीं है कि पार्टी महागठबंधन का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसलिए कि कांग्रेस पांच से 15 नवंबर के बीच प्रस्तावित अपने राष्ट्रव्यापी आंदोलन को स्थगित कर चुकी है। यह फैसला पार्टी ने अयोध्या पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद लिया था। सूत्रों की मानें तो जिलों में होने वाले प्रदर्शन के लिए कांग्रेस ने अभी तक कोई दिशा-निर्देश भी जारी नहीं किए हैं। हालांकि घोषित रूप से कांग्रेस ने 13 के प्रदर्शन में शामिल न होने की घोषणा तो नहीं की है पर भागीदारी की कोई कवायद भी नहीं की है। 

आंदोलन में सक्रिय भागीदारी होगी राजद की
महागठबंधन के घोषित आंदोलन कार्यक्रम में राजद की सक्रिय भागीदारी होगी। पार्टी प्रवक्ता चितरंजन गगन ने कहा है कि सांगठनिक चुनाव के चल रहे कार्यक्रम के बावजदू राजद 13 दिसम्बर को धरना प्रदर्शन के कार्यक्रम में भाग लेगा। उन्होंने कहा है कि आंदोलन की घोषणा  केन्द्र और राज्य सरकार के जनविरोधी नीतियों के साथ विभिन्न जन समस्याओं को लेकर महागठबंधन ने किया है। राजद के इस कार्यक्रम में नहीं शामिल होने का भ्रामक प्रचार कुछ विरोधियों द्वारा किया जा रहा है। उनका उदेश्य आंदोलन को कमजोर करना है, लेकिन ऐसे लोग कभी सफल नहीं होंगे।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *