महाकाल मंदिर नई व्यवस्था, सुबह छह बजे खुलेगा प्रोटोकाल कार्यालय

उज्जैन
 ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में सोमवार से नई व्यवस्था लागू होगी। मंदिर प्रशासन ने प्रोटोकाल कार्यालय को सुबह आठ की बजाय छह बजे खोलने का निर्णय लिया है। प्रसाद काउंटर भी सुबह छह बजे से खोले जाएंगे। इस व्यवस्था से दर्शनार्थियों को सुविधा होगी।

सहायक प्रशासक चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर प्रोटोकाल कार्यालय को भस्मारती समाप्त होने के तत्काल बाद सुबह छह बजे खोलने का निर्णय लिया गया है। सुबह के समय कई वीआईपी दर्शन करने आते हैं। कार्यालय खुला नही होने के कारण व्यवस्था गड़बड़ाती है।

इससे आए दिन विवाद की स्थिति बनती है। कलेक्टर ने व्यवस्था में सुधार के लिए कर्मचारियों को जल्दी बुलाने को कहा है। सोमवार सुबह छह बजे से कार्यालय में दो कर्मचारी ड्यूटी पर रहेंगे। साथी भस्मारती दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रसाद काउंटर भी सुबह छह बजे तक समय पर खालने का निर्णय लिया है।

सूत्र बताते हैं मंदिर में नई व्यवस्था शुरू करने का कारण वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी के बीच हुआ विवाद है। 1 अप्रैल को सुबह करीब 6.20 बजे नगर निगम के एक आला अफसर ने भस्मारती के तुरंत बाद कोटितीर्थ कुंड की सीढ़ियों से मंदिर में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान कर्मचारी मनोज पटेल उन्हें पहचान नहीं पाए और नियमानुसार प्रवेश नहीं दिया।

बाद में साथ आए कर्मचारी के परिचय देने पर उन्हें विधिवत प्रवेश दिया गया। बावजूद इसके अधिकारी ने इस घटना को अपना अपमान बताते हुए कर्मचारी को हटाने का दबाव बनाया। हालांकि कर्मचारी नियम के अनुसार ड्यूटी कर रहा था, इसलिए मंदिर के अधिकारी उन्हें हटा नहीं पा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *