ममता की रैली में शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने PM मोदी पर बोला हमला, भाजपा ने किया करारा पलटवार

 
पटना

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर अपनी पार्टी के खिलाफ बगावती सुर अपना लिए हैं। कोलकाता में ममजा बनर्जी की रैली में शामिल होकर सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। इसके चलते अब भाजपा सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

शत्रुघ्न सिन्हा ने रैली में नोटबंदी और जीएसटी के फैसले को लेकर केंद्र सरकार पर करारा तंज कसा। शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने प्रधानमंत्री का नाम लिए बिना कहा कि आज के दौर में जो तानाशाही है, वह नहीं चलेगी। देश बदलाव चाहता है। रैली में शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के साथ पूर्व भाजपा नेता यशवंत सिन्‍हा भी शामिल हुए थे।

इस पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूड़ी ने कहा कि पार्टी शत्रुघ्न सिन्हा पर कार्रवाई करने का विचार करेगी। साथ ही उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुछ लोग भाजपा सांसद के नाम पर मिलने वाली सुविधाओं का लाभ लेते हैं तो दूसरी ओर विपक्षी दलों के सम्मेलनों में शामिल होते हैं।

झारखंड सरकार में मंत्री व भाजपा नेता सीपी सिंह ने शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्‍हा पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों को पार्टी ने बहुत कुछ दिया लेकिन वे देश व पार्टी के साथ गद्दारी कर रहे हैं। उन्‍होंने जिस थाली में खाया, उसी में छेद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *