मप्र में तबादलों पर रार, बीजेपी का वार-कांग्रेस का पलटवार

भोपाल
मध्य प्रदेश में तबादलों को लेकर सियासत गरमा गई है| सत्ता परिवर्तन के बाद रोजाना हो रहे अधिकारियों के तबादलों को लेकर नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाए हैं| उन्होंने कहा है कि जब से कमलनाथ सरकार बनी ट्रांसफर उद्योग खूब फलफूल रहा है और प्रशासनिक व्यवस्था चौपट हो गई है| वहीं वल्लभ भवन से लेकर जिला और तहसील तक कांग्रेस के दलाल और ठेकेदार ट्रांसफर माफिया सक्रीय हो गया है| कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष के इन आरोपों पर पलटवार किया है|  मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा ने कहा है कि ट्रांसफ़र -पोस्टिंग एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा होता है। जिनके राज में ट्रांसफ़र-पोस्टिंग एक व्यवसाय बन गया था,  वो किस मुँह से कांग्रेस पर आरोप लगा रहे है| 

सलूजा ने जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव पर पलटवार करते हुए कहा "पिछले 15 वर्षों में ट्रांसफ़र- पोस्टिंग एक व्यवसाय बन चुका था। वर्षों से मलाईदार पदों पर कुछ चहेते अधिकारी जमे हुए थे।जो सरकार भी चला रहे थे और भ्रष्टाचार की व्यवस्था का प्रमुख केन्द्र बने हुए थे।भाजपा के राज में खुलेआम अदने से कर्मचारी से लेकर बढ़े अफ़सर तक की बोली लगती थी। हर पद के रेट फ़िक्स थे। पर्दे के पीछे सत्ता का केंद्र कौन था , सबको पता है। निश्चित राशि प्रतिमाह सभी को  देना पढ़ती थी। जिसके एवज़ में वर्षों तक आपकी पोस्टिंग उसी पद पर बनी रहती थी। जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी थी। जनता परेशान थी। बिना लेन-देन जनता के काम नहीं होते थे। क्योंकि कर्मचारी-अधिकारी की ग़लती नहीं थी , उन्हें तो अपना हिस्सा प्रतिमाह पहुँचाना पढ़ता था। मुख्यमंत्री कमलनाथ जी ने आते ही भ्रष्टाचार की इस व्यवस्था को ख़त्म किया। काम को वरीयता दी।15 वर्षों से कुछ विभागों में चले आ रहे भ्रष्टाचार के नेक्सेस को ख़त्म किया।अब किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को दलाल की ज़रूरत नहीं।सीधे वो अपनी बात ऊपर तक पहुँचा सकता है। इस नई व्यवस्था से जनता के कार्यों को प्राथमिकता मिलने लगी। कर्मचारी-अधिकारी भी ख़ुश और जनता भी।

सलूजा ने कहा कि अधिकारी भी मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली जान चुके है कि वो सुबह से देर शाम तक मंत्रालय में बैठ जनहितैषी कार्यों व निर्णयों को प्राथमिकता देते है।वर्षों से चली आ रही भ्रष्टाचार रूपी , दलाल रूपी व्यवस्था को उन्होंने ख़त्म कर दिया है।भ्रष्टाचार की पोषक भाजपा किस मुँह से इस तरह के झूठे आरोप लगा रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *