मध्य प्रदेश में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी, लोगों का निकलना मुहाल

भोपाल
मध्य प्रदेश में प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी है। प्रदेश भर में भीषण गर्मी के कारण लोगों का निकलना मुहाल हो गया है। प्रदेश में औसतन पारा 40  पार बना हुआ है। आग उगलते सूरज और भीषण लू से करीब बीस दिन से बुरी तरह प्रभावित मध्यप्रदेश आज भी भट्टी की तरह तपता रहा और नौगांव में 49 डिग्री तापमान रिकार्ड किया गय। यही नहीं, प्रदेश में लू का दौर भी जारी है। श्योपुर में एक बुजुर्ग की लू की चपेट में आने से मौत हो गई। श्योपुर का तापमान आज 47 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान से आती गर्म हवाओं से एक पखवाड़े से आमजन बुरी तरह परेशान है।

भोपाल भी दस दिन से लू के प्रभाव में है। यहां कल के मुकाबले पारे में कुछ गिरावट आई है और अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है, लेकिन यह भी सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। रात का भी सामान्य से पांच डिग्री अधिक 30.6 दर्ज हुआ है। आंशिक बादलों के कारण तापमान में अवश्य कुछ गिरावट आई है, लेकिन झुलसाने वाली लू बरकरार है। प्रदेश के कई अन्य स्थान भी भट्टी की तरह तप रहे हैं। जिसमें खजुराहो में 48.4, ग्वालियर 47.8, दमोह 47.2, सतना 47.1, श्योजपुर 47, गुना 46.8, रीवा 46.6, राजगढ़ 46.4, रायसेन 46.2, सागर और शाजापुर 46, सीधी 45.8, उमरिया 45.7, टीकमगढ़ 45.6, मंडला 45.4, खरगोन 45.3, जबलपुर 44.7 और नरसिंहपुर में 44 डिग्री तापमान रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में ग्वालियर, गुना, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड, रीवा, सतना, उमरिया, खरगोन, दमोह और छतरपुर में भीषण लू चलने की संभावना है। इसके अलावा भोपाल, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, खंडवा, सिहोर, शाजापुर, धार, आगरमालवा, उज्जैन, मंदसौर, शिवपुरी, अशोकनगर, जबलपुर, मंडला, कटनी, नरसिंहपुर, बैतूल, सीधी, शहडोल, पन्ना, सागर और सिंगरौली में लू चलने की संभावना है। भोपाल में शाम के समय बादल हो सकते हैं और गरज चमक की स्थिति बन सकती है। तापमान के 44 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *