मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली जाने वाले हैं शिवराज, अब भी नामों को लेकर संशय

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर दिल्ली जाने वाले हैं। मंत्रिमंडल में किन विधायकों को शामिल करना है, इसको लेकर कई दौर की चर्चा हो चुकी है। मंत्रियों की सूची लगभग फाइनल भी हो गई है लेकिन कुछ नामों को लेकर संशय की स्थिति है, जिसे दूर करने के लिए मुख्यमंत्री दिल्ली जाना चाहते हैं। दिल्ली जाकर वे एक बार संभावित सूची को लेकर पार्टी आलाकमान से चर्चा करेंगे। शिवराज मंत्रिमंडल में जिनका स्थान पक्का समझा जा रहा है उनमें सिंधिया समर्थक प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेंद्र सिसोदिया, इमरती देवी, प्रभुराम चौधरी, हरदीप सिंह डंग, एदल सिंह कंसाना, राजवर्द्धन सिंह दत्तीगांव, बिसाहूलाल सिंह शामिल हैं। इसके अलावा गोपाल भार्गव, भूपेंद्र सिंह, मोहन यादव, विजय शाह, यशोधरा राजे सिंधिया, सुरेंद्र पटवा, जगदीश देवड़ा के नाम फाइनल माने जा रहे हैं।

इन नामों को लेकर संशय
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पसंद माने जाने वाले रामपाल सिंह और राजेंद्र शुक्ला को लेकर संशय की स्थिति बनी है। इसको लेकर वे दिल्ली जाना चाहते हैं ताकि इन नामों पर जो संकट के बादल मंडरा रहे हैं वे दूर किए जा सकें। इसके साथ ही भोपाल से विश्वास सारंग और रामेश्वर शर्मा के बीच में घमासान है। नागेंद्र सिंह नागौद और बृजेन्द्र प्रताप सिंह में से कोई एक मंत्री बनेगा। यदि बृजेन्द्र प्रताप मंत्री बने तो नागेंद्र सिंह विधानसभा अध्यक्ष होंगे। उधर प्रदीप लारिया को विधानसभ उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। संजय पाठक, अरविन्द भदौरिया और बुंदेलखंड से हरिशंकर खटिक को लेकर भी विचार चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *