भारतीय पुरुष टीम ने रूस को हराकर तोक्यो ओलिंपिक के लिए किया क्वॉलिफाइ

भुवनेश्वर 
आज यानी दो नवंबर का दिन भारतीय हॉकी के लिए बेहद खास रहा। पहले महिला टीम ने तोक्यो ओलिंपिक-2020 के लिए क्वॉलिफाइ किया। उसके बाद पुरुष टीम ने भी यह गौरव हासिल कर लिया है। पुरुष टीम ने रूस को दूसरे लेग में 7-1 (टोटल 11-3) से हराते हुए ओलिंपिक का टिकट कटाया। भारत की जीत के हीरो रहे आकाशदीप सिंह (23वें और 29वें मिनट) और रुपिंदर पाल सिंह (48वें और 59वें मिनट) ने 2-2 दागे, जबकि ललित उपाध्याय (17 वें मिनट), निलकांता शर्मा (47वें मिनट) और और अमित रोहिदास के नाम एक-एक गोल रहा। बता दें कि भारत ने शुक्रवार को पहले लेग में रूस को 4-2 से हराया था। दूसरी ओर, महिला टीम ने एग्रीगेट स्कोर के आधार पर यूएसए को 6-5 से हराया। ये दोनों ही मुकाबले भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में खेले गए।

रूस की आक्रामक शुरुआत 
पहले क्वॉर्टर की शुरुआत रूस ने आक्रामक की। मैच शुरू हुए पहला मिनट पूरा भी नहीं हुआ थी कि एलेक्सी सोबोलेवस्की ने गोल दागते हुए रूस को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले क्वॉर्टर में लगने वाला यह इकलौता गोल रहा। भारतीय टीम के डिफेंस ने वापसी करते हुए रूस को एक भी गोल नहीं करने दिया था। 

दूसरे क्वॉर्टर में दागे 3 गोल 
दूसरा क्वॉर्टर भारत के लिए वापसी के साथ-साथ बढ़त वाला रहा। 17वें मिनट में ललित उपाध्याय ने गेंद जाल में उलझाते हुए भारत का खाता खेला, जबकि आकाशदीप सिंह ने एक के बाद एक, दो गोल दागते हुए भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी। आकाशदीप ने अपना पहला गोल 23वें मिनट में दागा था, जबकि दूसरा गोल हाफ टाइम से ठीक पहले 29वें मिनट में किया। तीसरा क्वॉर्टर गोल रहित रहा। लेकिन चौथे क्वॉर्टर की शुरुआत भारतीय टीम ने आक्रामक तरीके से की। निलकांता शर्मा ने 47वें मिनट में जोरदार हिट लगाते हुए टीम के लिए चौथा गोल दागा तो रुपिंदर पाल सिंह ने इसके एक ही मिनट बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। अब भारत की बढ़त 5-1 की हो गई। इसके बाद रुपिंदर पाल सिंह ने 59वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए टीम की बढ़त 6-1 कर दी। भारत के लिए आखिरी और मैच का 7वां गोल अमित रोहिदास ने किया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *