भाजपा की पांच सीनियर महिला विधायक भी मंत्री पद की दावेदार

भोपाल। शिवराज कैबिनेट के विस्तार की कवायद के बीच भाजपा की पांच सीनियर महिला विधायक भी मंत्री पद की दावेदार हैं। हालांकि इन महिला विधायकों में से तीन को मंत्री पद मिलने की उम्मीद है क्योंकि शिवराज सरकार के पिछले कार्यकाल में चार महिलाओं को मंत्री पद से नवाजा गया था।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल का विस्तार एक दो दिनों में होने की उम्मीद के बीच प्रदेश की महिला विधायकों ने भी अपने स्तर पर दावेदारी की है। इन नेताओं इंदौर से उषा ठाकुर, मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़, शिवपुरी से यशोधरा राजे सिंधिया, जबलपुर से नंदिनी मरावी, धार से नीना वर्मा की दावेदारी प्रमुख है। शिवराज के पिछले कार्यकाल में अर्चना चिटनिस, माया सिंह, यशोधरा राजे सिंधिया मंत्री रही है लेकिन इस बार रंजना, अर्चना और माया सिंह एमएलए नहीं हैं। ऐसे में इंदौर से दो महिला विधायकों की दावेदारी तेजी से उभरी है। उषा सीनियर एमएलए हैं तो मालिनी गौड़ को मुख्यमंत्री तवज्जो देते रहे हैं। अब इसमें किसी मौका मिलता है, यह कैबिनेट सूची में साफ होगा। यशोधरा की भी मंत्री पद की दावेदारी है पर उन्हें ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थकों को महत्व देने के चलते ड्राप किए जाने की संभावना भी है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री विक्रम वर्मा की पत्नी नीना वर्मा के समर्थक भी जोर लगा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि असली स्थिति तो कैबिनेट विस्तार के समय ही साफ होगी पर अब तो स्थिति सामने है, उससे लगता है कि शिवराज कैबिनेट में इस बार महिला मंत्रियों की संख्या चार की बजाय तीन ही रहेगी।
इमरती देवी बनेंगी सिंधिया कैम्प से मंत्री: शिवराज सरकार में मीना सिंह पहले से ही कैबिनेट मंत्री हैं। इमरती देवी का सिंधिया कैम्प से मंत्री बनना तय माना जा रहा है। इससे दो महिला मंत्री की स्थिति तो साफ हो गई है। इसके बाद अब तक चल रहे नामों में एक ही महिला विधायक को मौका दिए जाने की बात सामने आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *