बीजेपी की संसदीय दल कार्यकारिणी का गठन, जानें किसे मिली क्या जिम्मेदारी

 नयी दिल्ली।

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मंगलवार को अपने संसदीय दल की कार्यकारिणी का गठन किया है। बुधवार को पार्टी की तरफ से संसदीय दल की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों की लिस्ट जारी की गई। इसके मुताबिक, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को लोकसभा में पार्टी का उपनेता और थावर चंद गहलोत को राज्यसभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया गया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दो बार राज्यसभा के सदस्य रहे गोयल केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद का स्थान लेंगे जो लोकसभा के लिए निर्वाचित हो गए हैं।

नरेंद्र मोदी सरकार में रेल और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल राज्यसभा में उप नेता होंगे जबकि सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता थावरचंद गहलोत को राज्यसभा में सदन का नेता नियुक्त किया गया है।

गोयल महाराष्ट्र से राज्यसभा सदस्य हैं। वह पहले भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रह चुके हैं।  भाजपा ने पार्टी के बिहार से लोकसभा सांसद संजय जायसवाल को सदन में अपना मुख्य सचेतक बनाने का फैसला किया है। वह अनुराग ठाकुर का स्थान लेंगे जो नयी मोदी सरकार में मंत्री बन गए हैं। 

इनके अलावा पार्टी का सरकारी चीफ व्हिप प्रल्हाद जोशी और लोकसभा में उप सरकारी चीफ व्हिप अर्जुन राम मेघवाल को नियुक्त किया गया है, राज्यसभा में उप सरकारी चीफ व्हिप वी मुरलीधरन को बनाया गया है। लोकसभा में पार्टी का चीफ व्हिप संजय जायसवाल और राज्यसभा में नारायण लाल पांचारिया को नियुक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *