बिहार में सभी पार्टियों ने किया दही-चूड़ा का भोज का आयोजन, लालू के घर पर पसरा सन्नाटा

पटना 
बिहार की राजनीति में मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा भोज का आयोजन कोई नई बात नहीं हैं, लेकिन इसमें आने वाले अतिथियों के चेहरे जरूर बदलते रहे हैं। इस साल सोमवार को मकर संक्रांति के मौके पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में शमिल जनता दल यूनाइडेट (जेडीयू) और लोक जनशक्ति पार्टी (एलजेपी) ने दही-चूड़ा भोज का आयोजन तो किया है लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के आवास पर सन्नाटा पसरा है। 

एनडीए के एक नेता की मानें तो राबड़ी आवास पर इस वर्ष चूड़ा-दही भोज नहीं होने का कारण आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव का जेल में होना है। भोज का आयोजन नहीं होने के कारण महागठबंधन के नेताओं में मायूसी है। यह लगातार दूसरा साल है, जब राबड़ी आवास पर ऐसे भोज का आयोजन नहीं हो रहा है। 

आपको बता दें कि बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आवास भी गुलजार होता था। इसमें लालू प्रसाद यादव अपनी पार्टी के साथ-साथ विरोधी दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी निमंत्रण देकर बुलाते थे। भोज में लालू अपने परिवार के साथ खुद लोगों को चूड़ा-दही परोसते थे। 

हालांकि, इस बीच कांग्रेस ने 15 जनवरी यानी मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में चूड़ा-दही भोज का आयोजन किया है, जिसमें महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है। इधर, जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के हार्डिंग रोड (पटना) स्थित आवास पर हर साल की तरह इस बार भी बड़े पैमाने पर दही-चूड़ा भोज का कार्यक्रम है। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान सहित एनडीए के अधिकांश नेता शामिल होंगे। 

जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि वशिष्ठ नारायण पिछले 22 साल से ज्यादा समय से मकर संक्रांति के मौके पर भोज का आयोजन करते आ रहे हैं। इस वर्ष इस भोज के लिए चंपारण, शाहाबाद और भागलपुर और बांका से चूड़ा मंगाए गए हैं जबकि नालंदा की सब्जी आई है। पटना, गया और सासाराम से तिलकुट तो मोतिहारी से गुड़ लाया गया है। दिन में दही-चूड़ा भोज के बाद शाम में खिचड़ी-चोखा और पापड़ का इंतजाम किया गया है। खुद वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि इस भोज में 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। 

मकर संक्रांति के मौके पर एलजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की ओर से भी सोमवार को दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया है। इस भोज में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित एनडीए में शामिल सभी घटक दलों के नेताओं के भाग लेने की संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *