बंद मकान में मिले 5 जिंदा बम, इलाके में हड़कंप

पटना                                                                                               
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने खाजेकलां थाना क्षेत्र के छोटी बाजार स्थित एक बंद मकान से पांच जिंदा बम बरामद किये हैं, जिनमें एक बड़ा व एक छोटा केन बम और तीन सुतली बम शामिल हैं। मामले की छानबीन कर रही पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं मकान में बम होने की खबर फैलते ही इलाके में काफी देर तक हड़कंप मचा रहा।

एसएसपी गरिमा मलिक को खाजेकलां के छोटी बाजार स्थित एक मकान में बम होने की सूचना मिली थी। एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर रविवार की शाम मकान की तलाशी शुरू की गयी। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने बंद घर के अंदर से पांच बम बरामद किए। पुलिस टीम ने सतर्कता से पूरे मकान की तलाशी ली। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते ने बम को निष्क्रिय कर उन्हें जब्त कर लिया। सिटी एसपी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि छानबीन कर रही टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाएगा। पकड़ाया युवक अपराधी प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। 

एक साल से बंद पड़ा था मकान
खाजेकलां थाना क्षेत्र के छोटी बाजार में ब्रजकिशोर प्रसाद का मकान करीब एक साल से बंद पड़ा था। छह महीने पहले घर मालिक की मौत हो गयी थी। उनके परिजन पास के एक मकान में रहते हैं। आशंका जताई जा रही है कि असामाजिक तत्वों ने बंद मकान का फायदा उठाकर इसे सुरक्षित ठिकाना बनाया है। घनी आबादी वाले छोटी बाजार में मकान में बम होने की खबर फैलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। मकान के पास लोगों की भीड़ जुट गयी। काफी संख्या में पुलिस बलों को घटनास्थल पर बुला लिया गया है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *