प्रियंका पर बीजेपी का पलटवार, डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा बोले- हिंदुत्‍व को बदनाम कर रही हैं प्रियंका

लखनऊ
नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर जमकर राजनीति जारी है। पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और यूपी पुलिस पर जमकर हमला बोला। अब यूपी के डेप्युटी सीएम दिनेश शर्मा ने कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियों पर हमला बोला है। डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगा रहे हैं। ये सब वोटबैंक तैयार करने का रिहर्सल कर रहे हैं। दिनेश शर्मा ने यह भी कहा कि प्रियंका गांधी हिंदुत्व को बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं।

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, 'एसपी और कांग्रेस के लोगों को लोकसभा चुनाव में हार के बाद अपना वोटबैंक खिसकता दिखाई दिया। ये लोग अल्पसंख्यक तुष्टीकरण के नाम पर यह भूल गए हैं कि वे दंगाइयों को समर्थन देने का काम कर रहे हैं। प्रियंका गांधी उन लोगों के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही हैं, जिन्होंने पत्थर चलाए, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और गोलियां चलाईं।'

विपक्षी पार्टियों पर दुष्प्रचार का आरोप लगाते हुए दिनेश शर्मा ने कहा, 'एसपी और कांग्रेस वर्ग विशेष को भ्रम में डालकर उन्हें अपने पक्ष में खड़ा करने की कोशिश में लगे हुए हैं। एक नेता सीधे-सीधे भगवा को कलंकित करने का प्रयास कर रही हैं। इन्हें लगता है कि भगवाधारी सीएम दूसरों का नुकसान करने वाले हैं। प्रदेश की शांति को नष्ट करने के लिए ये लोग दुष्प्रचार करने की होड़ लगा रहे हैं। ये सब वोटबैंक तैयार करने का रिहर्सल कर रहे हैं।'

इससे पहले कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोमवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाया कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों को धमकाया जा रहा है। प्रियंका ने कहा, '77 साल के पूर्व आईपीएस एस आर दारापुरी को उनके घर से पकड़ा गया। उनका नाम 48 लोगों की लिस्‍ट में है। हमारी तरफ से राज्यपाल को चिट्ठी भेजी गई है। पिछले दिनों फैली अराजकता के बाद उत्तर प्रदेश सरकार, प्रशासन और पुलिस ऐसे कदम उठा रही है, जिनका कोई कानूनी आधार नहीं है। हमने इसी बारे में एक दस्तावेज तैयार कर राज्यपाल को सौंपा है।'

यूपी सरकार पर कई आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा, 'यूपी के सीएम योगी ने भगवा धारण किया है। भगवा आपका नहीं है। यह हिंदू धर्म का है, जिसमें हिंसा और रंज का कोई स्‍थान नहीं है।' प्रियंका गांधी ने सरकार के सामने 4 मांगें रखीं। उन्‍होंने कहा कि हिंसा पर पुलिस अपनी कार्रवाई को रोके। इसके अलावा आरोप साबित हुए बिना संपत्ति जब्‍त करने की कार्रवाई न हो। हाई कोर्ट के जज से हिंसा की जांच कराई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *