पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की हालत फिर बिगड़ी, एयर एंबुलेंस से दिल्ली रवाना
भोपाल
आज बुधवार सुबह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है।जिसके चलते उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से उन्हें दोपहर में एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया है। वहां उनका गुड़गांव के मेंदाता अस्पताल में इलाज होगा।वही इस बात की खबर मिलते ही उनकी बहू और भोपाल से भाजपा विधायक कृष्णा गौर विधानसभा की कार्यवाही बीच में ही छोड़कर अस्पताल पहुंचीं।
दरअसल, बाबूलाल गौर को अप्रैल के पहले सप्ताह में पैरालसिस अटैक आया था। काफी लंबे समय तक भोपाल के नर्मदा अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। ब्रेन में क्लॉटिंग की वजह से गौर के कुछ अंग ठीक से काम नहीं कर रहे थे। आवाज भी लड़खड़ाने लगी थी। आराम मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी। वहां से छुट्टी होने के बाद भी डॉक्टरों की एक टीम उनकी सेहत की निगरानी कर रही थी। लेकिन आज सुबह फिर उनकी तबीयत बिगड़ गई और आनन-फानन में उन्हें भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद आईसीयू में भर्ती किया गया था। यहां स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया जा रहा है। कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर गौर का हाल जाना।
बता दें कि 2 जून 1930 को उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ में जन्में बाबूलाल गौर भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह गोविंदपुरा सीट से आठ बार भाजपा से विधायक रहे हैं। वह 23 अगस्त 2004 से 29 नवंबर 2005 तक मप्र में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा कई विभागों के मंत्री भी रहे हैं।