पुलिसकर्मियों ने तर्पण और दशाकर्म करने आये लोगों को भगाया, लोगों में खासा आक्रोश

भोपाल
खटलापुरा घाट पर आज जहांगीराबाद थाने के पुलिसकर्मियों ने तर्पण और दशाकर्म करने वाले 300 से अधिक लोगों को भगा दिया। इससे लोगों को बिना तर्पण किए वहां से जाना पड़ा। साथ ही पुलिस ने घाट पर जाने के लिए मंदिर परिसर के मार्ग को भी बंद कर दिया। इससे लोगों को खटलापुरा हनुमान मंदिर जाने में भी समस्या हुई। पुलिस के इस काम के बाद लोगों ने उनका जमकर विरोध किया। फिर भी पुलिस नहीं मानीं और उन्होंने लोगों को वहां से भगा दिया। इससे लोगों में खासा आक्रोश है, उनका कहना है कि यहां पर 100 सालों से अधिक चली आ रही परंपरा को पुलिस ने तोड़ने का काम किया है। यह गलत है। घटना की जानकारी के बाद खटलापुरा घाट पर संस्कृति बचाओ मंच के लोग पहुंचे और उन्होंने पुलिस के इस कृत्य पर जमकर नाराजगी व्यक्त की।

खटलापुरा घाट पर तर्पण करने पहुंचे बरखेड़ी के हेमंत जोगी ने बताया कि मैं बीते आठ साल से इसी घाट पर आकर तर्पण करता हूं। मेरे दादा, परदादाओं ने भी इसी घाट पर आकर तर्पण किया। फिर अचानक पुलिस ने आज तर्पण करने से क्यों रोक दिया। हमें भगा दिया। किसी दुर्घटना के कारण हम हिन्दू धार्मिक प्रवृत्तियां थोड़े छोड़ देंगे। प्रशासन को यहां पर व्यवस्था करनी चाहिए, ना कि रोकना। यहां पर आए 300 से अधिक लोगों को पुलिस ने भगा दिया। मंदिर परिसर के गेट को बंद कर दिया। बेरीकेट्स लगा दिए। यह सही नहीं है, गलत है।

पुलिस और प्रशासन द्वारा तर्पण और दशाकर्म की धार्मिक प्रवृत्ति रोकने के बाद शहर के तालाबों में होने वाली छठ पूजा पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। क्या छठ पूजा पर भी पुलिस और प्रशासन रोक लगा देगा। शहर के बड़े तालाब, छोटे तालाब, पांच नंबर स्थित तालाब सहित अन्य स्थानों पर होनी वाली छठ पूजा को भी बंद करवा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *