पार्टी में गुटबाजी खत्म करना भाजपा के लिए सबसे बड़ी चुनौती

 नई दिल्ली
भाजपा दिल्ली चुनावी मोड में आ चुकी है। शुक्रवार को पार्टी की ओर से दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए प्रभारी और सह-प्रभारियों को नियुक्त कर दिया गया है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के प्रभारी नियुक्त किए गए केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के सामने राजधानी में चल रही गुटबाजी को खत्म करना मुख्य चुनौती होगी।

पार्टी की ओर से शुक्रवार को प्रकाश जावड़ेकर के साथ हरदीप पुरी और नित्यानंद राय को दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया गया है। दिल्ली विधानसभा में भाजपा 21 साल का वनवास खत्म करने के इरादे से चुनाव में उतरेगी। प्रदेश भाजपा की गुटबाजी को खत्म करना प्रभारी जावड़ेकर की मुख्य चुनौती होगी।

दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी, राज्यसभा सांसद विजय गोयल की आपसी गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। दक्षिणी दिल्ली के सांसद रमेश बिधूड़ी भी समय-समय पर अपनी नाराजगी संगठन के प्रति जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से दिल्ली में ऐसे नेताओं को विधानसभा चुनावों का जिम्मा सौंपा गया है, जिनका दिल्ली संगठन से सीधे-सीधे जुड़ाव नहीं है।

एक सप्ताह और चलाया जाएगा सदस्यता अभियान
दिल्ली में सदस्यता अभियान की सफलता को देखते हुए इस अभियान को एक सप्ताह आगे बढ़ाने का फैसला किया गया है। फिलहाल, 11 अगस्त को दिल्ली भाजपा का सदस्यता अभियान समाप्त हो रहा था। प्रदेश भाजपा के मुताबिक 12 अगस्त से दिल्ली में सक्रिय सदस्य अभियान चलाया जाएगा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *