पहाड़ से मैदान तक रिकॉर्ड तोड़ ठंड, मौसम विभाग ने जारी किया दो दिनों का अलर्ट

 नई दिल्ली 
पहाड़ से मैदान तक रिकॉर्ड तोड़ ठंड ने जनजीवन थाम दिया है। लद्दाख के द्रास से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान समेत पूरा उत्तर भारत शीत लहर की चपेट में है। यूपी के मुजफ्फरनगर में पारा जहां 1 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं, पटना में सर्दी ने 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।  दुनिया के दूसरे सबसे सर्द रिहायशी इलाके द्रास में पारा -28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के शेखावटी में न्यूनतम तापमान -4 डिग्री रहा। 

उत्तर प्रदेश : शिमला से ज्यादा ठंडे रहे यूपी के कई शहर
उत्तर प्रदेश के कई शहर शिमला से भी सर्द रहे। शनिवार तड़के मुजफ्फरनगर में पारा 1.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। उधर, बुलंदशहर, बागपत, हापुड, बिजनौर समेत अन्य क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया जो शिमला के 3.8 डिग्री से भी कम है। लखनऊ में अधिकतम तापमान  आठ डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

राजस्थान : पांच शहरों में शून्य के नीचे पहुंच गया पारा
जयपुर में सर्दी ने पांच साल और जोधपुर में 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार का न्यूनतम तापमान जयपुर में 3.4 और जोधपुर में 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। फतेहपुर में -4, सीकर में -1.0 डिग्री   के  अलावा माउंटआबू, जोबनेर और किशनगढ़ रेनवाल में तापमान -1.5 सेल्सियस रहा। फतेहपुर में पिछली तीन रातों से तापमान माइनस में बना हुआ है।  मेड क्षेत्र में पाला पड़ने से टमाटर की 90 फीसदी फसल बर्बाद हो गई।

बिहार : 58 साल का रिकॉर्ड टूटा
बिहार के 38 जिलों में शनिवार को सर्दी का ऑरेंज अलर्ट व रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सभी जिलों में भीषण सर्दी पड़ने की संभावना है। पटना में शनिवार सुबह तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया। पटना में सर्दी ने 58 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं, गया में पारा 3.2 डिग्री पहुंच गया।  मुजफ्फरपुर में 6.2 डिग्री, भागलपुर में तापमान 6.1 डिग्री रहा।

मध्यप्रदेश : शीतलहर का प्रकोप
भोपाल और इंदौर समेत मध्यप्रदेश के 12 शहरों में जबरदस्त शीतलहर का प्रकोप है। ग्वालियर चंबल में विजिबिलिटी जीरो रही। यहां मुख्यमंत्री कमलनाथ का दौरा निरस्त कर दिया गया। टीकमगढ़, रायसेन और रतलाम इलाकों में पाले का असर रहा। खेतों में फसलों पर ओस जम गई। प्रदेश में सबसे सर्द रात टीकमगढ़ में रही। यहां पारा 1.5 डिग्री पर पहुंच गया। 

हिमाचल : किन्नौर में झरना जमा
हिमाचल के केलांग में राज्य का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा -11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 3.8त् सेल्सियस रहा। किन्नौर जिले में कल्पा में 1.8 डिग्री तापमान देखा गया और यहां सर्दी से एक झरना जम गया। चंबा के डलहौजी में तापमान 5.1त् दर्ज किया गया, जबकि। धर्मशाला में रात का तापमान 2.2डिग्री था।

हरियाणा : हिसार में पारा शून्य के करीब पहुंचा
हिसार में तापमान 0.2 डिग्री और नारनौल में 0.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, रोहतक में 1.8 और सिरसा में दो डिग्री सेल्सियस तापमान था। अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 0.2 से 5.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। पंजाब-हरियाणा में शीत लहर 31 दिसंबर तक जारी रह सकती है।

श्रीनगर : सबसे सर्द सुबह
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों और लद्दाख में शनिवार को भी ठंड का प्रकोप जारी रहा। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.8त् सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन में सबसे कम था। इसके अलावा पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते सर्दी में इजाफा हुआ है। कश्मीर में चिल्लई कलां जारी है, जो 40 दिन की भीषण सर्दी का दौर होता है। 

छत्तीसगढ़ : पत्थलगांव में दिखी बर्फ की परत
जशपुर जिले में कड़ाके की ठंड के चलते पंडरापाठ, कैलाश गुफा, बगीचा और पत्थलगांव क्षेत्र में सुबह कई जगह बर्फ की पतली परत जमी हुई देखी गई। शीतलहर के चलते पूरे इलाके में ठिठुरन बढ़ गई है। अंबिकापुर 3.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा ठंडा है।

दिल्ली में ठंड ने 89 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
दिल्ली, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण सर्दी पड़ रही है। राजधानी में ठंड ने 89 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। लोधी रोड का न्यूनतम पारा शनिवार को 1.7 डिग्री रहा। इससे पहले 27 दिसंबर 1930 में यहां का तापमान शून्य डिग्री रहा था। राजधानी में शनिवार को सर्दी का ‘रेड अलर्ट’ भी जारी किया गया।

दिल्ली के आया नगर में 1.9, सफदरजंग में 2.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। वहीं, पालम में सुबह पांच से नौ बजे तक दृश्यता शून्य रही। दूसरी तरफ, लद्दाख के द्रास का पारा -28.6, यूपी के मुजफ्फरनगर का 1.7 डिग्री तो राजस्थान के पांच शहरों का पारा शून्य से नीचे रहा। पटना में 58 साल का रिकॉर्ड टूट गया। ठंड से यूपी में 43 जबकि बिहार में 15 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 31 दिसंबर की शाम को हल्की बारिश हो सकती है। एक और दो जनवरी को बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं।

यहां गिरा पारा
शहर    न्यूनतम 
लेह    -19
गुलमर्ग     -7.5
श्रीनगर     -5.8
सीकर     -1
मनाली     0.1
शहर    न्यूनतम 
नारनौल     0.5
पचमढ़ी     1.2
अलीगढ़    1.8
मुक्तेश्वर    1.9
धर्मशाला    2.2
शहर    न्यूनतम 
गया    3.2
अंबिकापुर    3.8
देहरादून    3.6
 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
 
मौसम विभाग ने जारी किया दो दिनों का अलर्ट
रविवार (29 दिसंबर)
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में कड़ाके की ठंड और शीतलहर। कुछ इलाकों में बहुत घना कोहरा।
उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार के कुछ क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड, शीतलहर के साथ बहुत घना कोहरा।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघायल, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में घना कोहरा।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *