पड़ोसन से झगड़ा हुआ तो महिला को कुत्ते से कटवा दिया, अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली 
दिल्ली के न्यू अशोक नगर में एक महिला ने अपनी पड़ोसन को अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी महिला को अपनी पड़ोसन से विवाद चल रहा है, इस वजह से उसने यह हरकत की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। 

46 वर्षीय पीड़िता मनीषा सेठी न्यू अशोक नगर के वसुंधरा एंक्लेव स्थित मोड़ अपार्टमेंट में रहती हैं। बुधवार सुबह 11:25 बजे किसी ने उनके फ्लैट की घंटी बजाई। वह दरवाजा खोलकर देखने लगी। तभी उन्होंने कुत्ते के साथ पड़ोस के फ्लैट में रहने वाली महिला को देखा, जिससे उनका पुराना विवाद है। आरोप है कि महिला ने अपना पालतू कुत्ता उन पर छोड़ दिया। कुत्ते ने उन्हें शरीर पर कई जगह काट लिया।

शोर सुनकर वहां पहुंचे दोस्तों और पड़ोसियों ने मनीषा को बचाया। इस दौरान पड़ोसी महिला हंसते हुए बोली कि डरने की बात नहीं है, कुत्ता वैक्सीनेटेड है। घायल महिला को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को जांच में पता चला कि दोनों परिवार के बीच विवाद चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *