निगम मंडलों में नियुक्तियां जल्द, समन्वय समिति की बैठक में बनी सहमति

रायपुर
राज्य में कांग्रेस की सरकार बने लगभग डेढ़ साल होने को हैं लेकिन कई सारे ऐसे दावेदार जो निगम मंडल की आस लगाए बैठे हैं,कोरोना संकट ने उनकी उम्मीदों पर ब्रेक लगा दिया था। वे तो मानकर चल रहे थे कि दीवाली तक कुछ होना नहीं हैं लेकिन समन्वय समिति की हुई बैठक में जो संकेत मिले हैं सकारात्मक कह सकते हैं इसलिए कि स्वंय कांग्रेस प्रभारी पुनिया ने कहा है कि इन नियुक्तियों से कोई अतिरिक्त आर्थिक भार सरकार पर नहीं पड़ेगा। सरकार निगम-मंडलों में जल्द नियुक्ति करेगी।  बैठक में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने सरकार के कामकाज की तारीफ की,विशेषतौर पर कोरोनाकाल में राज्य सरकार ने काफी अच्छा काम किया है। वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए समन्वय समिति की बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार के योजनाओं की जानकारी दी और कोरोना महामारी के दौर में राहत उपायों से भी समिति को अवगत कराया।

बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में समन्वय समिति के सदस्य और नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने कहा कि निगम मंडल की नियुक्ति में खर्च में कटौती का कोई असर नहीं होगा। कई पदों में सिर्फ भत्ते की पात्रता है। निगम-मंडल ने नियुक्ति से अतिरिक्त भार नहीं पड़ेगा। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया की सहमति से जल्द सूची बनाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि निगम मंडलों में नियुक्ति के लिए प्रदेश के करीब ढाई हजार से अधिक नेताओं-कार्यकतार्ओं ने बायोडाटा दिए हैं। माना जा रहा है कि करीब दर्जनभर निगमों में नियुक्तियां हो सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार वनोपज की सरकारी खरीदी हुई है। स्वसहायता समूहों के माध्यम से संग्रहण हुआ है। इससे करीब 40 हजार परिवारों को रोजगार मिला है। बघेल ने बताया कि वनोपज की खरीदी के मामले में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल नंबर पर रहा है। मुख्यमंत्री ने कोरोना रोकथाम के लिए सरकारी प्रयासों की जानकारी दी। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में कोरोना नियंत्रण में है। करीब सवा तीन लाख मजदूर बाहर से आए हैं। जिन्हें क्वॉरंटीन कर रखा गया है। प्रवासी मजदूरों के लिए रोजगार मूलक कार्यों की जानकारी दी। साथ ही बताया कि न्याय योजना के जरिए राजीव गांधी की जयंती पर दूसरी किश्त दी जाएगी, जिससे किसानों को राहत मिलेगी। प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कॉफ्रेंस में सरकार के कार्यों की सराहना की।  बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित अन्य प्रमुख नेता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *