निकाय चुनाव टिकट के लिए पार्षद प्रत्याशियों में घमासान

रायपुर
प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर काउंट-डाउन शुरू हो चुका है।नगरीय निकाय टिकट को लेकर कांग्रेस और भाजपा में बैठकों का दौर चल रहा है। भाजपा में कई नगर पालिका और नगर पंचायतों की टिकट घोषित कर दी गई है। कांग्रेस में भी अधिकांश जिलों की चयन समिति ने अपनी अनुशंसा भेज दी है। प्रदेश कांग्रेस की चुनाव समिति की बैठक के बाद कभी भी सूची जारी हो सकती है। दावेदारों की संख्या अधिक होने के कारण दोनों ही दलो में मारामारी की स्थिति बनी हुई है जबकि पार्टी इससे इंकार कर रहे हैं।

बताया गया कि ज्यादातर वार्डों में नामों पर सहमति बन सकती है। कहा जा रहा है कि रायपुर नगर निगम के वार्ड पार्षद प्रत्याशियों के ज्यादातर नाम तय हो गए हैं। कुछ प्रमुख नेताओं को प्रत्याशी बनाया जा रहा है।  जिनमें रमन मंदिर वार्ड से सूर्यकांत राठौर, तात्यापारा से प्रफुल्ल विश्वकर्मा, इंदिरागांधी वार्ड से सुभाष अग्रवाल, अरविंद दीक्षित वार्ड से सुभाष तिवारी, दीनदयाल उपाध्याय वार्ड से मीनल चौबे, कालीमाता वार्ड से संजय श्रीवास्तव का नाम शामिल है।

सूत्रों के मुताबिक कुछ और नेताओं के नाम पर सहमति बन गई है। जिनमें योगेन्द्र वर्मा, सुनील चौधरी, सुनील बांद्रे, सीमा साहू, प्रमोद साहू,  मनोज वर्मा और कमल साहू का नाम भी चर्चा में है। दूसरी तरफ, कांग्रेस में महापौर प्रमोद दुबे के भगवतीचरण शुक्ल वार्ड से प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि उनका काफी विरोध भी हो रहा है। लेकिन इस पर फैसला प्रदेश की चुनाव समिति में होगा। इधर कांग्रेस के एक प्रमुख नेता के मुताबिक ज्यादातर जिलों की सूची आ गई है। इन सूची को प्रदेश की चुनाव समिति की बैठक में हरी झंडी मिल सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *