नगरीय निकायों में सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर पीईबी से होगी भर्ती
भोपाल
प्रदेश के नगरीय निकायों में रिक्त सीधी भर्ती के पदों पर अब प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड के जरिए भर्तियां कराई जाएगी। लोकसभा चुनावों के बाद राज्य सरकार ने इसके लिए कवायद शुरु कर दी है।
प्रदेश के सभी नगर पालिक निगम के आयुक्तों और सभी संभागीय संयुक्त संचालकों से रिक्त पदों की जानकारी मांगी गई है। नगरीय प्रशासन विभाग ने सभी निगमायुक्तों से कहा है कि निकायों में कार्मिक संरचना के अनुसार सीधी भर्ती के रिक्त पदों की भर्ती वर्ष 2019-20 में प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड के माध्यम से कराई जाना है। इसके लिए सभी निगमों से प्रस्ताव मांगे गए थे लेकिन अभी तक प्रस्ताव नहीं भेजे गए है।
नगर पालिक निगम मुरैना एवं सिंगरौली से जो प्रस्ताव आए है उसमें प्रस्ताव त्रुटिपूर्ण पाए गए है। उनसे संशोधित प्रस्ताव मांगे गए है। अन्य सभी निगमायुक्तों से कहा गया है कि वे 4 जून तक रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे ताकि प्रोफेशनल एक्जामिनेशन बोर्ड को कार्यवाही के लिए भेजा जा सके।