धोनी के साथ फॉर्म हाउस पर दिखे पंत

नई दिल्ली 
युवा ऋषभ पंत को पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तगह टीम इंडिया के अगले विकेटकीपर के रूप में देखा रहा है। पंत समय-समय पर अपने सीनियर से टिप्स भी लेते दिखाई देते हैं। इस क्रम में पंत ने कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर कीं, जिसमें वह पूर्व कप्तान के साथ उनके रांची स्थित फॉर्म हाउस में समय बिताते दिखाई दे रहे हैं। ये तस्वीरें रांची में धोनी के फॉर्म हाउस की हैं, जहां ये दोनों पेट्स के साथ दिखाई दे रहे हैं। पंत ने तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा- गुड वाइब्स..! बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरा टेस्ट रांची के जेएससीए क्रिकेट स्टेडियम रांची में ही खेला गया था। हालांकि, पंत यहां प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। उनकी जगह ऋद्धिमान साहा ने विकेट कीपिंग की थी। तस्वीर को देखने के बाद ऐसा लग रहा है कि पंत घर न लौटकर धोनी के यहां ही रुक गए थे।

विस्फोटक बैटिंग के लिए मशहूर पंत को इंग्लैंड में खेले गए वर्ल्ड कप से लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, वह कई अहम मौके पर अच्छी शुरुआत के बाद गलत शॉट खेलकर आउट हुए, जबकि उनसे धोनी की ही तरह मैच फिनिश की उम्मीद की जा रही थी। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पंत को बैटिंग के साथ-साथ विकेटकीपिंग में भी सुधार करने की जरूरत है। बांग्लादेश के खिलाफ आगामी इंटरनैशनल टी-20 सीरीज में ऋषभ पंत को मौका मिला है, जबकि एमएस धोनी ने एक बार फिर आराम करने का फैसला किया है। टीम में पंत के कवर के तौर पर संजू सैमसन को भी शामिल किया गया है। सैमसन की 4 वर्ष बाद टी-20 टीम में वापसी हुई है। उन्होंने हाल ही में विजय हजारे ट्रोफी में दोहरा शतक लगाया था। उनसे टीम में पंत को कड़ी टक्कर मिल रही है। देखा जाए तो संजू के अलावा भी कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर पंत को टक्कर दे रहे हैं। उनमें धोनी की घरेलू टीम झारखंड के इशान किशन भी शामिल हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *