धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की यात्राएं, विभिन्न संस्कृतियों के हुए दर्शन  

लखनऊ।
भगवान गुरुवार सुबह जैसे ही अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए राजधानी लखनऊ में विभिन्न स्थलों पर निकले तो नजारा ही बिल्कुल बदल गया। छोटे-छोटो बच्चों से लेकर युवा, महिलाएं, पुरुष और बुजुर्ग भक्त उनकी सेवा करने के लिए उमड़ पड़े। जहां-जहां से भगवान निकले वहां आगे-आगे सड़क पर कोई झाडू लगाने में लग गया तो कोई उस मार्ग पर फूलों की वर्षा करने में जुटा रहा। भगवान के साथ बैण्ड-बाजे, नगाड़े, भजनों की मण्डलियां, नृत्य करते कलाकार भी जयकारे लगाते साथ हो लिए। भक्तिमय माहौल के बीच किसी ने भगवान को गोमती नदी के जल से जलाभिषेक कराया तो कुछ ने भगवान को मेट्रो में घुमाया। कुछ लोग यात्रा में शामिल होने वालों को प्रसाद का वितरण करते दिखे। इस बार युवाओं की एक टीम भगवान की इस यात्रा में शामिल होने वाले मनोरम दृश्यों को अपने मोबाइल फोन के कैमरे में कैद करने में जुटी थी। कुछ इस तरह का माहौल राजधानी में भगवान जगन्नाथ की यात्राओं में नजर आया। आगे हनुमान जी का बड़ा ध्वज यात्रा की अगुवाई कर रहा था तो उसके पीछे लाल टोपी पहने मुम्बई से आई बैण्ड पार्टी अपने करतबों से माहौल बना रहीं थी। विभन्न संस्कृतियों के दर्शन इन यात्राओं में लोगों को हुए। 

सबसे मनोरम दृश्य डालीगंज के माधव मंदिर से निकली जगन्नाथ यात्रा का था। यहां जब भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण पर भक्तो से मिलने के लिए निकले तो भक्तो ने भी दिल खोलकर फूलों की वर्षा के साथ इत्र के छिड़काव कर भगवान का स्वागत किया। सुबह सबसे पहले यहां भगवान जगन्नाथ की महाआरती हुई। उसके बाद उनको 56 प्रकार के भोग लगाए गए। उसके बाद रथ पर भगवान को विराजमान किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, महापौर सयुक्ता भाटिया,  बिहारी लाल साहू, भारत भूषण गुप्ता, ओमकार जायसवाल, श्याम साहू समेत अन्य भक्तों ने रथ की रस्सी खींचकर श्री यात्रा का शुभारंभ किया। रथ यात्रा में पांच प्रमुख जगहों पर  वृन्दावन के कलाकार कृष्णा छलिया ग्रुप द्वारा श्रीकृष्ण लीलाओ का मंचन किया। रथ के आगे पवन मिश्रा ग्रुप श्रीहरि के सामने भजनों की वर्षा करते हुए चल रहे थे। अयोध्या नगरी से शीतला वर्मा की टीम ने फरूवाही नृत्य कर रथ यात्रा के आकर्षण में चार चांद लगा दिए। दस पंजाबी ढोल रथ यात्रा में सबसे आगे और उसके पीछे वानर सेवा के स्वयंसेवक जय श्री राम के जयकारे लगा रहे थे। इक्कीस लोगो की टीम नासिक ढोल एक साथ ताल पर थिरकते भक्तो का उत्साह देखते ही बन रहा था। भक्तों को श्रीमद्भगवद्गीता गीता प्रसाद स्वरूप वितरित की गयी। इस यात्रा का लाइव प्रसारण फेसबुक पर किया गया। इस अवसर पर दिनेश अग्रवाल, अजय त्रिपाठी, ओमकार जायसवाल, श्याम जी साहू, बिहारी लाल साहू, भारत भूषण गुप्ता, माया आनंद, मनोज साहू, राकेश साहू, गोविंद साहू, माया आनन्द उपस्थित रहे।
 
मोबाइल फोटो खींचने वालों की प्रतियोगिता भी चलती रही
राकेश साहू ने बताया कि माधव मंदिर की रथयात्रा के दौरान मोबाइल के शौकीन फोटोग्राफर ग्रुप मोबिलोग्राफर के सदस्यों ने जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव की यादगार झलकियां अपने मोबाइल में कैद की। उत्कृष्ट फोटो का चयन पांच जुलाई शाम तक मेल कर भेजने वाले सदस्यों में चयन करने के बाद पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *